{"_id":"58237dca4f1c1b7304b37471","slug":"currency-cancelled-500-1000-change-money-petrol-pump-modi-atm","type":"story","status":"publish","title_hn":"ये पांच-पांच सौ के नोट हैं, इनका मैं क्या करूं","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
ये पांच-पांच सौ के नोट हैं, इनका मैं क्या करूं
ब्यूरो/अमर उजाला सिरसा
Updated Thu, 10 Nov 2016 01:19 AM IST
विज्ञापन
पेट्राेल पंप
- फोटो : Bureau
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
500 और 1000 रुपये के नोटों की मान्यता खत्म होने के बाद जिले भर में अफरा-तफरी जैसा माहौल बन गया है। पीएम नरेंद्र मोदी की घोषणा के बावजूद बुधवार को रेलवे स्टेशन, पेट्रोल पंप, बस अड्डों तथा बीज केंद्रों पर नोट स्वीकार नहीं किए गए।
विज्ञापन
मंगलवार रात को जैसे ही पीएम नरेंद्र मोदी ने देश के नाम एक विशेष संबोधन में 500-1000 रुपये के नोटों की मान्यता खत्म करने की घोषणा की तो सोशल नेटवर्किंग साइट्स पर जैसे भूचाल आ गया। असर बुधवार सुबह देखने को मिला। जब राजकीय क्षेत्र में ऐसे नोटों को लेने पर पाबंदी लग गई। सबसे ज्यादा असर रेलवे स्टेशन पर हुआ। बठिंडा, हनुमानगढ़ की टिकट लेने के लिए लोग पांच सौ रुपये का नोट लेकर वेंडिंग मशीन के साथ चिपक गए। रेलवे कर्मचारी ने नोट लेने से इनकार किया तो बवाल मच गया। लोगों ने पीएम का वायदा याद दिलाया, लेकिन रेलवे कर्मचारी पर कोई असर नहीं हुआ। अपनी जेब दिखाते हुए बोला, ये पांच-पांच सौ के नोट हैं, इनका मैं क्या करूं। छुट्टे मेरे पास नहीं हैं।
विज्ञापन
ऐसे हालात हरियाणा रोडवेज के सब डिपो डबवाली में देखने को मिले। यात्रियों के पास टिकट के लिए छोटा नोट नहीं था, पांच सौ का आगे करने पर परिचालक ने उन्हें टिकट देने से मना करते हुए बस से उतार दिया। पेट्रोल पंपों पर यही हाल रहा। सिरसा रोड पर स्थित पेट्रोल पंप पर स्कूटर में तेल डलवाने के बाद जब पैसे देने की बारी आई तो सेल्समैन ने पांच सौ का नोट लेने से मना कर दिया। पेट्रोल पंप 500 या 1000 रुपये का तेल डलवाने पर ही नोट ले रहा था। अनाज मंडी में गेहूं बीज लेने के लिए आए किसानों से भी उपरोक्त नोट नहीं लिए गए। यहीं नहीं गैस एजेंसी ने 500 या 1000 नोट के बदले सिलेंडर देने से मना कर दिया।
विज्ञापन
सरकारी अस्पतालों, रेलवे स्टेशनों, सरकारी बसों, उपभोक्ता सहकारी स्टोरों, पेट्रोल पंपों, गैस एजैंसियों पर 11 नवंबर तक पुराने नोट स्वीकार किए जाएंगे। इसके बाद बैंकों में नए नोट आने पर लोगों द्वारा पुराने नोट बदलवाने की प्रक्रिया शुरू होगी। ऐसी स्थिति में स्वाभाविक तौर पर बैंकों के काउंटरों पर लोगों की भीड़ होने की स्थिति में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की डियूटी लगाई जाएगी, ताकि ऐसी स्थिति में लोगों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
10 से 24 नवंबर 2016 तक 4 हजार रुपये तक 500 व 1000 रुपये के पुराने नोट बदले जा सकेंगे। आगामी 25 नवंबर 2016 के बाद चार हजार रुपये की सीमा बढ़ा दी जाएगी। 11 नवंबर तक पुराने नोटों से ही रेल, हवाई, सरकारी बसों के टिकट खरीदें जा सकेंगे। उन्होंने कहा कि 10 नवंबर के बाद एटीएम से प्रतिदिन एक कार्ड से 2 हजार रुपये निकाले जा सकते हैं। इसके बाद सीमा बढ़ाकर 4 हजार रुपये कर दी जाएगी।
72 घंटों तक (11 नवंबर रात 12 बजे तक) रेलवे स्टेशन पर पांच सौ या एक हजार का नोट लिया जाएगा। समस्या ये आ रही है कि बकाया देने के लिए छुट्टे पैसे नहीं हैं। टिकट वेंडिंग मशीन पर लगा कर्मचारी पहले लोगों को मना कर रहा था। उसे हिदायत दे दी गई है।
-सुशील कुमार, स्टेशन अधीक्षक, डबवाली
जीएम ने आदेश दिए हैं कि कोई परिचालक पांच सौ या हजार रुपये का नोट लेने में संकोच नहीं करेगा। लेकिन पैसेंजर टिकट के बाद बकाया मांग रहा है। इस समस्या के समाधान के लिए कैशियर को परिचालकों को छुट्टे पैसे देने के लिए कहा गया है। शिकायत मिलने पर संबंधित परिचालक के खिलाफ कार्रवाई होगी।
-बुध राम, स्टेशन सुपरवाइजर, बस अड्डा, डबवाली
रोडवेज की बसों में यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी नही आने दी जाएगी। यदि कोई यात्री कंडक्टर को 500 या 1000 रुपये का पुराना नोट देता है तो कंडक्टर को टिकट देने के साथ-साथ यदि खुले पैसे नहीं है तो यात्री को लिखकर देना होगा कि उसका इतना बकाया बाकि है। इसी प्रकार पैट्रोल पंप मालिक भी पेट्रोल डालने के बाद बकाया राशि लिखकर देंगे, ताकि बाद में उपभोक्ता उस राशि को प्राप्त कर सकेंगे। यही स्थिति सहकारी क्षेत्र के मिल्क बूथ पर भी लागू होगी।
- शरणदीप कौर बराड़, उपायुक्त, सिरसा