डॉक्टर ने नवजात को दी गाली तो खौल उठा मां का खून
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सामान्य अस्पताल में उपचाराधीन नवजात बच्चे को चिकित्सक ने अपशब्द कहे तो मां का खून खौल उठा और उसने चिकित्सक के गाल पर जोरदार थप्पड़ जड़ दिया। इसके बाद अस्पताल में हंगामा खड़ा हो गया, सभी चिकित्सक व नर्सें व स्वास्थ्यकर्मी एकजुट हो गए। हंगामे के बीच शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर शांत किया। अस्पताल प्रशासन की शिकायत पर पुलिस ने दंपति के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने का केस दर्ज किया है, वहीं महिला ने भी पुलिस को शिकायत दी है। बच्चे की मां नीलम ने स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज को भी चिकित्सक के खिलाफ शिकायत पत्र भेजा है।
जानकारी के अनुसार जिले के गांव मत्तुवाला निवासी पवन अपने परिवार सहित कीर्तिनगर चौकी क्षेत्र के शिव नगर में रहता है। 18 मार्च को पवन की पत्नी नीलम ने सामान्य अस्पताल में एक लड़के को जन्म दिया। बच्चा जन्म के बाद से ही लगातार रो रहा था। नवजात के माता-पिता ने अस्पताल के एक चिकित्सक को इस संदर्भ में बताया तो उन्होंने बच्चे के कुछ टेस्ट कराने के लिए उन्हें परामर्श दिया। प्राइवेट लैब से टेस्ट कराने के बाद दंपति शनिवार को अस्पताल पहुंचे।
नवजात की माता नीलम रानी का आरोप है कि शिशु रोग विशेषज्ञ को बच्चे की रिपोर्ट देखने को कहा तो उन्होंने अपशब्द बोले। महिला के अनुसार चिकित्सक ने अबोध नवजात के संदर्भ में कहा कि ‘उठा कर ले जा अपने इस कूड़े को’। बच्चे के संबंध में डॉक्टर के अपशब्द से मां का खून खौल उठा। उसने विरोध किया तो डॉक्टर उसे धक्का दे दिया, जिससे महिला को गुस्सा आ गया और उसने डॉक्टर के गाल पर तमाचा जड़ दिया। तमाचे की आवाज से अस्पताल गूंज उठा। सभी डॉक्टर व नर्सें एकजुट होकर शिशु वार्ड में आ गए। अस्पताल स्टाफ ने हंगामा करना शुरू किया तो चिकित्सक की इस कार्यप्रणाली से क्षुब्ध नीलम अपने पति पवन के साथ नवजात को लेकर तपती धूप में बैठ गई और चिकित्सक राजेंद्र के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगी। अस्पताल में हंगामे की सूचना मिलने पर शहर थाना प्रभारी सुभाष बिश्नोई मौके पर पहुंचे।
पुलिस पर लगाया धमकाने का आरोप
42 डिग्री तापमान में तेज धूप में खुले आसमान के नीचे अपने नवजात बच्चे के साथ बैठी नीलम व पवन कुमार ने पुलिस अधिकारी से चिकित्सक पर कार्रवाई करने की गुहार लगाई। दंपति का आरोप है कि पुलिस अधिकारी को मां की गुहार सुनाई नहीं दी लेकिन चिकित्सक के गाल लाल देख उसे गुस्सा आ गया। पुलिस वालों ने दंपति को धमकाना शुरू कर दिया। पुलिस ने चिकित्सक से लिखित शिकायत लेकर तुरंत कार्रवाई का भरोसा दिया।
अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक वीरेश भूषण का कहना है कि नवजात के परिजनों ने चिकित्सक को थप्पड़ मारा है। अस्पताल प्रशासन की तरफ से नीलम व उसके पति पवन के खिलाफ शिकायत दी गई है।
अस्पताल प्रशासन की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए आरोपी नीलम व उसके पति पवन कुमार के खिलाफ चिकित्सक से मारपीट करने व सरकारी कार्य में बाधा डालने का केस दर्ज किया गया है। आरोपी दंपति की तरफ से भी शिकायत दी गई है । मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-सुभाष कुमार, चौकी प्रभारी।