रोहतक। जिले में सरपंच व पंच चुनाव को लेकर शनिवार को ग्रामीणों में जबरदस्त उत्साह रहा। जिला परिषद व पंचायत समिति से 10 प्रतिशत ज्यादा मतदान करते हुए पथराव, झड़प व कहासुनी के बीच जमकर वोट डाली गई। देर रात 1 बजे तक मतदान का आंकड़ा 80.1 के पार पहुंच गया। जबकि नवंबर को मात्र 67.7 प्रतिशत वोट ही डाली गई थी।
शनिवार को सरपंच व पंच को लेकर जिले में छिटपुट घटनाओं को छोड़कर शांतिपूर्ण मतदान चल रहा है। लाखनमाजरा खंड के गांव भगवतीपुर में शाम करीब पांच बजे दो पक्षों में झगड़ा हो गया। मतदान केंद्र के बाहर पथराव से दो-तीन लोग घायल हो गए। जबकि घरौंठी में दोपहर बूथ के बाहर ही युवा आपस में भिड़ गए। जमकर एक-दूसरे पर थप्पड़ व मुक्के बरसाए। पुलिस ने किसी तरह मामले को शांत करवाया। तब जाकर दोबारा मतदान शुरू हो सका। जबकि शिमली गांव में एक युवक की वोट को लेकर विवाद हो गया। दो दर्जन ग्रामीण मतदान केंद्र के अंदर पहुंचे, जांच की तो युवक की वोट मतदाता सूची के अंदर मिली। जब जाकर मामला शांत हुआ। इंद्रगढ़ गांव में भी बुजुर्ग की वोट डालने को लेकर विवाद खड़ा हो गया। पटवापुर में बूथ नंबर 37 पर 10 मिनट तक ईवीएम में गड़बड़ी के चलते मतदान रुका रहा। जबकि लाहली में बूथ नंबर 15 पर ईवीएम बदलनी पड़ी। गांव के ही बूथ नंबर 18 पर बोगस वोट डालने के शक में एक युवक को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले किया। रोहतक खंड के गांव मुंगाण में बोगस वोट डालने का अंदेशा होने पर दो पक्षों में नोक-झोंक हो गई। हालांकि कंसाला चौकी प्रभारी एएसआई सोमबीर ने मामले को सुलझाया। मकड़ौली खुर्द में एक युवक बार-बार मतदान केंद्र के अंदर आ रहा था, जिसकी पुलिस से बहस हो गई। वहीं, बहुअकबरपुर में बोगस पोलिंग के शक में हंगामा हो गया। पुलिस ने सभी ग्रामीणों को बाहर निकाल दिया। बहुअकबरपुर के दूसरे मतदान केंद्र प्राथमिक पाठशाला में दो पक्षों की बोगस पोलिंग के शक में विवाद हो गया। पुलिस ने उन्हें समझाकर शांत किया।