रोहतक। हरियाणा रोडवेज में सफर फिर महंगा हो गया है। लॉकडाउन से अब तक यानी 178 दिन में दो बार किराया बढ़ा है। चंडीगढ़ व उप्र. की बसों का चलना तो शुरू हो गया है जिससे लोगों ने राहत की सांस तो ली मगर किराये का बोझ परेशान करने लगा है।
लॉकडाउन 24 मार्च को लगा, तब यात्रियों से 75 पैसे प्रति किमी. के हिसाब से किराया लिया जाता था। 20 मई को किराया बढ़ा, जो 100 किमी. तक एक रुपये प्रति किमी. और 100 किमी. से ज्यादा पर 1.05 रुपये प्रति किमी. का किराया निर्धारित किया गया। चूंकि लॉकडाउन था, इसलिए लोगों को बढ़े किराये के बारे में पता नहीं चल सका। इस दरमियान हाइवे के टोल प्लाजा का चार्ज बढ़ गया, जिसका असर अब किराये पर पड़ने लगा है। यही वजह है कि फिर से रोडवेज ने किराये का निर्धारण करना शुरू कर दिया है। लॉकडाउन के समय रोहतक से चंडीगढ़ का किराया 240 रुपये था, जो 20 मई के बाद 284 रुपये हुआ। अब यह किराया 292 रुपये कर दिया गया है। वहीं, उत्तर प्रदेश के आगरा और मुरादाबाद की बसों का आवागमन पैरीफेरल से हो रहा है, जिसकी वजह से किराया बढ़ाया गया है। अभी तक आगरा का किराया 265 रुपये था, जो 313 रुपये और मुरादाबाद का किराया 244 से बढ़ाकर 283 रुपये कर दिया गया है। उत्तर प्रदेश के अन्य जिलों के लिए चलने वाली बसों के किराये की गणना की जा रही है। जीएम गुलाब सिंह ने बताया कि एक्सप्रेसवे से जा रही हैं इसलिए किराया बढ़ाया है। चंडीगढ़ का टोल टैक्स बढ़ा है। अभी कुछ राज्यों ने बसें चलाने की अनुमति नहीं दी है।