फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Rohtak News ›   Talks between HVPN MD and villagers are fruitless

एचवीपीएन के एमडी व ग्रामीणों के बीच वार्ता बेनतीजा

Wed, 09 Feb 2022 02:15 AM IST
Rohtak Bureau रोहतक ब्यूरो
Updated Wed, 09 Feb 2022 02:15 AM IST
विज्ञापन
Talks between HVPN MD and villagers are fruitless
ग्रामीणों से वार्ता करते मैनेजिंग डायरेक्टर टीएल सत्यप्रकाश। संवाद
रोहतक। नौनंद में 220 केवीए विद्युत सब स्टेशन बनाने को लेकर हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम के मैनेजिंग डायरेक्टर व ग्रामीणों के बीच करीब डेढ़ घंटे चली वार्ता बेनतीजा रही। मैनेजिंग डायरेक्टर ने कहा कि नौनंद में सब स्टेशन बनेगा और मोनो पोल लगेंगे। वहीं ग्रामीणों ने हादसे का अंदेशा जताते हुए एलान किया कि किसी भी सूरत में गांव में सब स्टेशन नहीं बनने देंगे। अठगामा की महापंचायत बुलाएंगे। किसानों को एकजुट करेंगे। ग्रामीण जमीन वापस लेकर रुपये देने को तैयार हैं। आरोप है कि अधीक्षण अभियंता व्यापारियों की तरह से बाजार रेट मांग रहे हैं।
विज्ञापन

वर्ष 2017 में नौनंद में 220 केवीए विद्युत सब स्टेशन बनाने का हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम ने फैसला लिया था। इसके तहत पंचायत से करीब तीन करोड़ रुपये में तकरीबन 12 एकड़ जमीन खरीदी गई थी। कुछ समय के बाद ग्रामीणों ने गांव में सब स्टेशन बनाने का विरोध शुरू कर दिया। तब से ग्रामीण लगातार विरोध कर रहे हैं। अब हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम जल्द से जल्द नौनंद में सब स्टेशन बनाने के लिए प्रयासरत है। विरोध के चलते प्रसारण निगम के मैनेजिंग डायरेक्टर टीएल सत्यप्रकाश मंगलवार को ग्रामीणों से वार्ता के लिए आए। ग्रामीण वार्ता करने के लिए दोपहर में आईएमटी स्थित प्रसारण निगम के अधीक्षण अभियंता राजेश्वर के कार्यालय पहुंचे। वार्ता के दौरान काफी गहमागहमी रही। शाम करीब चार बजे मैनेजिंग डायरेक्टर के आने पर नौनंद गांव के 30-40 लोग पहुंचे। वार्ता की शुरुआत से ही दोनों पक्ष अपने-अपने पक्ष में तर्क देते रहे। माहौल खराब होता देख पुलिसकर्मियों ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत किया। करीब डेढ़ घंटे तक चली वार्ता बेनतीजा रही।
विज्ञापन

ग्रामीणों ने एलान किया कि किसी भी सूरत में विद्युत सब स्टेशन बनाने के लिए गांव में किसी को भी घुसने नहीं देंगे। गांव की एक इंच जमीन सब स्टेशन बनाने के लिए नहीं देंगे। जल्द ही अठगामा की महापंचायत बुलाएंगे। किसानों का भी गांव को बचाने के लिए समर्थन लेंगे। ग्रामीणों ने कहा कि प्रसारण निगम के अधीक्षण अभियंता व्यापारियों की तरह से बात करते हैं। ग्रामीणों ने जब जमीन वापस लेकर रुपये देने की बात कही तो उन्होंने कहा कि जमीन सरकारी रेट पर नहीं बल्कि बाजार के रेट पर दी जाएगी। ऐसी बात कोई सरकारी अधिकारी नहीं बल्कि व्यापारी करता है। वहीं प्रसारण निगम के मैनेजिंग डायरेक्टर टीएल सत्यप्रकाश का कहना है कि 220 केवीए विद्युत सब स्टेशन नौनंद में ही बनेगा। यह सरकार का निर्णय है, जिसे पूरा करना ही है। आधुनिक तकनीक के मोनो पोल लगाएंगे, जिससे कि कम से कम जगह का इस्तेमाल हो और ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना न करना पड़े।
विज्ञापन
विज्ञापन

अठगामा पंचायत में शामिल होंगे ये गांव
ग्रामीणों ने बताया कि नौनंद की अठगामा महापंचायत में नौनंद, बोहर, भालौठ, खेड़ीसाध, बलियाना, पहरावर, पाकस्मा, किसरैटी गांव हैं। इसमें आठों गांवों के ग्रामीण भाग लेंगे। सब स्टेशन बनाने के खिलाफ बड़ा फैसला लेंगे। भीमा पहलवान ने बताया कि गांव की एक कमेटी के लोग एक-दो दिन में बिजली मंत्री रणजीत सिंह से मिलेेंगे। यदि कोई राहत नहीं मिली तो अठगामा की महापंचायत होगी।
‘जलेबी’ डिप्लोमेसी नहीं आई काम
हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम के मैनेजिंग डायरेक्टर टीएल सत्यप्रकाश की ‘जलेबी’ डिप्लोमेसी भी काम नहीं आई। हुआ यह कि जैसे ही ग्रामीण वार्ता के लिए ऑफिस में घुसे वैसे ही मैनेजिंग डायरेक्टर ने अधीनस्थों को नाश्ता लगाने के लिए कहा। कुछ देर में नाश्ता आया मगर ग्रामीणों ने हाथ जोड़कर मना कर दिया। इसके बाद डायरेक्टर ने तुरंत गर्म जलेबी मंगाने के लिए कहा ताकि मीठे मुंह से बात हो सके। कुछ देर में गर्म जलेबी भी आ गई, लेकिन ग्रामीणों ने फिर हाथ जोड़कर कहा कि उनकी जलेबी यही होगी कि वह गांव में सब स्टेशन लगाने का प्लान छोड़ दें। ग्रामीणों ने डेढ़ घंटे तक वार्ता की, लेकिन पानी तक नहीं पीया।
सब स्टेशन नहीं बना तो चरमरा जाएगी बिजली आपूर्ति
हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम के अधीक्षण अभियंता राजेश्वर ने कहा कि नौनंद में 220 केवीए का विद्युत सब स्टेशन लगाना बेहद जरूरी है। यदि सब स्टेशन नहीं बना तो जिले की बिजली आपूर्ति व्यवस्था चरमरा जाएगी। क्योंकि बिजली की मांग तेजी से बढ़ रही है।

वार्ता में ये ग्रामीण रहे मौजूद
वार्ता के दौरान प्रकाश, रामकिशन, प्रताप, पूर्व सरपंच बलजीत, पूर्व सरपंच विजेंद्र, नंबरदार दीवान सिंह, विजय डवास, बलराम डवास, अजय, राजेंद्र, भगवाना, नरेंद्र, जय सिंह, राज सिंह, सीना पहलवान, सोमवीर, अनिल, बबलू, नरेंद्र आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed