रोहतक। निजी बस के चालक-परिचालक ने मंगलवार सुबह पंजाब रोडवेज के परिचालक से धक्कामुक्की की। खुद बिना परमिट जींद की सवारियां बैठा रहे निजी बस कर्मी ने पंजाब के परिचालक पर बिना परमिट आने का आरोप लगा दिया। इस पर गुस्साए परिचालक ने स्टैंड के बाहर ही बस खड़ी की और सड़क पर धरना शुरू कर दिया। मौके पर पहुंचे रोडवेज कर्मियों की मदद से उसने बस स्टैंड पुलिस चौकी पर शिकायत दर्ज कराई है।
पंजाब के जगराम डिपो के परिचालक अंग्रेज सिंह ने पुुलिस की दी शिकायत में कहा है कि वह दिल्ली से सवारियां लेकर रोहतक आया। बस स्टैंड के अंदर सुबह 6:55 बजे जा रहा था, तभी निजी बस संख्या एचआर46एफ-1785 के चालक-परिचालक ने अंदर जाने से रोक लिया। जब रोकने की वजह पूछी तो धक्का-मुक्की करते हुए अभद्रता कर दी। यही नहीं, उन्होंने बिना परमिट आने का आरोप लगाते हुए परमिट दिखाने के लिए कहा। परिचालक ने बताया कि रोहतक बस स्टैंड पर सुबह 7 बजे से 7:10 बजे तक का समय हमारे लिए है। निजी बस के चालक-परिचालक की अभद्रता से गुस्साए पंजाब के परिचालक ने बस सड़क पर खड़ी करके धरना शुरू कर दिया। इसकी सूचना पर पहुंचे रोहतक डिपो के कर्मचारी नेता उसे लेकर पुलिस चौकी पहुंचे, जहां पूरे मामले की रिपोर्ट दर्ज करवाई।