{"_id":"66ca07e9fafa9691a405ca0d","slug":"haryana-tension-sloganeering-debate-between-bjp-and-congress-workers-in-rohtak-2024-08-24","type":"story","status":"publish","title_hn":"Haryana: रोहतक में भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में तनातनी, नारेबाजी, हुई बहस, कांग्रेस की ओर से शिकायत","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Haryana: रोहतक में भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में तनातनी, नारेबाजी, हुई बहस, कांग्रेस की ओर से शिकायत
Sat, 24 Aug 2024 09:48 PM IST
भूपेंद्र सिंह
अमर उजाला ब्यूरो, रोहतक (हरियाणा)
अमर उजाला ब्यूरो, रोहतक (हरियाणा)
Published by: भूपेंद्र सिंह
Updated Sat, 24 Aug 2024 09:48 PM IST
सार
हरियाणा में चुनाव की घोषणा के बाद राजनीति गर्मा गई है। इस बीच रोहतक में भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में टकराव की स्थिति बन गई।
विज्ञापन
मामले में समझाते पुलिस कर्मी।
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
हरियाणा के रोहतक शहर के रेलवे रोड पर शनिवार शाम स्थानीय कांग्रेस विधायक से रोहतक मांगे हिसाब के पर्चे बांटने को लेकर भाजपा व कांग्रेस कार्यकर्ता आपस में उलझ गए। न केवल एक-दूसरे से धक्कामुक्की की, बल्कि नारेबाजी भी की। दोनों पार्टियों की महिला कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे के खिलाफ शहर थाने में शिकायत देकर केस दर्ज करने की मांग की। भाजपा कार्यकर्ताओं ने एसपी आवास के बाहर प्रदर्शन भी किया।
विज्ञापन
भाजपा की महिला कार्यकर्ता रानी किराड़ ने सिटी थाने में दी शिकायत में आरोप लगाया कि वह शाम करीब 5:30 बजे रेलवे रोड पर संदूक वाली गली के पास चुनाव प्रचार करने जा रही थी। पर्चे बांटते समय कांग्रेस कार्यकर्ता आए और अभद्र भाषा का प्रयोग किया। जातिसूचक अपशब्द कहे। धक्के मारने लगे। वहां पर अशोक सहगल व अन्य लोग आए और उनको छुड़वाया। मामले में एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाए।
विज्ञापन
उधर, महिला कांग्रेस की प्रदेश सचिव गुड्डी देवी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह रेलवे रोड से गुजर रही थी। विधायक भारत भूषण बतरा के बारे में अफवाह फैलाने के लिए पर्चे बांटे जा रहे थे। ऐसा करके शहर का माहौल व भाईचारा बिगाड़ने का प्रयास किया जा रहा था। पर्चों पर किसी भी प्रिंटिंग प्रेस का नाम व पता नहीं है। चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन किया जा रहा है। महिला कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष गीता भारती ने बताया कि उनके साथ भी गलत व्यवहार किया गया है। मामले में कार्रवाई की जाए।
विज्ञापन
डीएसपी ने मौके पर पहुंचकर भाजपा कार्यकर्ताओं को शांत कराया
मामला बढ़ने पर भाजपा कार्यकर्ता निगम पार्षद सुरेश किराड़ के नेतृत्व में एसपी आवास के बाहर पहुंचे और नारेबाजी की। मांग की है कि कांग्रेस विधायक के बेटे व कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया जाए। डीएसपी मुख्यालय रवि खुंडिया मौके पर पहुंचे और जांच का आश्वासन देकर भाजपा कार्यकर्ताओं को शांत करवाया।
विधायक के बेटे नहीं थे रेलवे रोड पर, गुमराह कर रहे भाजपा कार्यकर्ता
रेलवे रोड पर विधायक भारत भूषण बतरा के बेटे नहीं थे। भाजपा कार्यकर्ता एक तरफ चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन कर भाईचारा खराब कर रहे थे। ऊपर से गलत आरोप लगा रहे हैं। मामले की गहराई से जांच होनी चाहिए। -गीता भारती, प्रदेश उपाध्यक्ष महिला कांग्रेस
विधायक के बेटे के खिलाफ किया जाए केस दर्ज : किराड़
भाजपा की महिला कार्यकर्ता रानी किराड़ व एक अन्य महिला कार्यकर्ता विधायक से हिसाब मांगने का रेलवे रोड पर प्रचार कर रही थीं। तभी विधायक का बेटा व कांग्रेस कार्यकर्ता आए और उनसे अभद्रता की। आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया जाए। -सुरेश किराड़, भाजपा पार्षद
दोनों पक्षों की शिकायत लेकर मामले की जांच कर रहे हैं। एसपी आवास के बाहर एकत्रित भाजपा कार्यकर्ताओं को समझा दिया है। मामले की निष्पक्ष जांच के बाद आगे की कार्रवाई होगी। -रवि खुंडिया, डीएसपी मुख्यालय