जलते मिले शव की शिनाख्त: घर से बैंक के लिए निकली थी जींद की विधवा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जसिया के पास शनिवार देर रात जलता मिला शव जींद के गांव लिजवाना खुर्द निवासी विधवा का निकला। महिला शनिवार को घर से बैंक जाने के लिए निकली थी, लेकिन नहीं लौटी। रोहतक पुलिस ने शव के पास से मिले आधार कार्ड और बैंक की कॉपी के आधार पर महिला की शिनाख्त की। रात एक बजे रोहतक पुलिस महिला के घर पहुंची और परिजनों को वारदात की जानकारी दी।
जानकारी के अनुसार जसिया गांव के पास शनिवार रात सड़क पर एक महिला का शव जलता मिला था। शव बोरे में था, पास ही आधार कार्ड और बैंक की पासबुक कॉपी मिली थी। इसी के आधार पर महिला की पहचान जींद के जुलाना के गांव लिजवाना खुर्द निवासी मुकेश (42) पत्नी नन्हेराम के रूप में हुई है। महिला के पति की करीब दस वर्ष पहले मौत हो गई थी।
अब आशंका जताई जा रही है कि मुकेश को भरोसे में लेकर लिफ्ट देने के बहाने जुलाना से कहीं ले जाया गया और उससे दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी गई। महिला बैंक से लौट रही थी, इसीलिए लूट की वारदात से भी इनकार नहीं किया जा सकता है। आरोपियों ने खुद को बचाने के लिए शव को आग के हवाले कर दिया। अब पुलिस बैंक से यह जानकारी करेगी कि महिला ने कितना पैसा खाते से निकाला।
रात 1 बजे पता चला मां भी नहीं रहीं करीब दस साल पहले सड़क हादसे के मुकेश के पति नन्हेराम की मौत हो गई थी। रात करीब एक बजे मुकेश के बच्चों को पता चला कि उनकी मां भी दुनिया से चली गई। मृतक के बड़े बेटे दीपक ने बताया कि मां दोपहर करीब 12 बजे जुलाना स्थित बैंक से रुपये निकालने के लिए गई थी।
देर शाम तक मुकेश के घर नहीं आने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी, लेकिन उसके बारे में कोई सुराग नहीं लगा। रात करीब एक बजे रोहतक पुलिस उनके घर पहुंची और मुकेश की हत्या होने की सूचना दी। इस पर पूरे गांव में शौक की लहर दौड़ गई। सुबह होते ही ग्रामीण और परिजन पीजीआई रोहतक स्थित डेडहाउस आ गए।
बाइक सवार से लिफ्ट लेकर पहुंची थी जुलाना डेडहाउस पहुंचे परिजनों ने मुकेश की हत्या का शक किसी पर जाहिर नहीं किया है। ग्रामीणों ने बताया कि मुकेश गांव से जुलाना तक एक बाइक सवार से लिफ्ट लेकर पहुंची थी। अब पुलिस ग्रामीणों की मदद से बाइक सवार से पूछताछ करेगी।
बच्चों की फीस भरनी थी इसलिए गई थी बैंक मुकेश के तीन बेटे और एक बेटी है। बड़ा बेटा दीपक फर्नीचर बनाने का काम सीख रहा है। उनका बेटा राजू, धर्मेंद्र और बेटी पूजा पढ़ाई करते हैं। मुकेश बच्चों की स्कूल फीस भरने के लिए बैंक से रुपये निकालने के लिए गई थी। मुकेश घरों में मेहनत मजदूरी करके परिवार का गुजारा करती थी।
पहरावर मामले में खाली हाथ, अब जसिया में उलझी पुलिस क्षेत्र में दो महिलाओं की हत्या कर उनके शवों में आग लगा दी गई। इस वारदात से पुलिस सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस पहरावर में महिला का शव जलाने के मामले में अभी तक आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है। पुलिस प्रशासन ने 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था। अब पुलिस मुकेश हत्याकांड में भी हवा में हाथ-पैर मार रही है।
--- मामले में अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। महिला का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनाें को सौंप दिया गया है। अभी तक मामले में किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। इंस्पेक्टर विजय दहिया, सदर थाना, रोहतक।
---- महिला मुकेश का शव रोहतक जिले के जसिया गांव के पास मिला है। रोहतक पुलिस ही मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही पता चलेगा कि हत्या क्यों की गई है? समुंद्र सिंह, जुलाना थाना प्रभारी।