{"_id":"661d509a9858ff01c10fce59","slug":"firing-case-at-salman-s-residence-lawrence-gang-shooter-vishal-had-killed-scrap-dealer-in-rohtak-2024-04-15","type":"story","status":"publish","title_hn":"सलमान के आवास पर फायरिंग केस: लॉरेंस गैंग के शूटर विशाल उर्फ कालू ने की थी रोहतक में स्क्रैप व्यापारी की हत्या","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम","slug":"crime"}}
सलमान के आवास पर फायरिंग केस: लॉरेंस गैंग के शूटर विशाल उर्फ कालू ने की थी रोहतक में स्क्रैप व्यापारी की हत्या
Mon, 15 Apr 2024 09:36 PM IST
भूपेंद्र सिंह
अमर उजाला ब्यूरो, रोहतक (हरियाणा)
अमर उजाला ब्यूरो, रोहतक (हरियाणा)
Published by: भूपेंद्र सिंह
Updated Mon, 15 Apr 2024 09:36 PM IST
सार
फिल्म अभिनेता सलमान खान के आवास पर फायरिंग केस में विशाल उर्फ कालू का नाम चर्चा में आया है। कालू गुरुग्राम का रहने वाला है, वह रोहतक पुलिस की वांछित सूची में शामिल है। 29 फरवरी को लाखनमाजरा के पास वारदात को अंजाम दिया गया था।
विज्ञापन
Salman Khan Firing Case
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
फिल्म अभिनेता सलमाल खान के मुंबई स्थित आवास पर फायरिंग के बाद चर्चा में आया विशाल उर्फ कालू लॉरेंस बिश्नोई गैंग का शार्प शूटर है। कालू 29 फरवरी की रात को रोहतक के लाखनमाजरा के नजदीक गुरुग्राम के स्क्रैप व्यापारी और बुकी सचिन की हत्या में शूटर के तौर पर शामिल है। पुलिस ने उसे वांछित सूची में शामिल कर रखा है। सीआईए प्रथम का कहना है कि आरोपी की तलाश में कई जगह दबिश दी थी, लेकिन वह हाथ नहीं आया। सचिन हत्याकांड में पुलिस नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
विज्ञापन
गुरुग्राम स्थित न्यू कॉलोनी निवासी दर्शना देवी ने 1 मार्च को लाखनमाजरा थाने में शिकायत दी थी। 29 फरवरी की रात उसका परिवार गुरुग्राम से पंजाब के संगरूर के लिए शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था। कार में बेटा सचिन मुंजाल, पुत्रवधू मोनिका व दो पोते और वह खुद थीं।
विज्ञापन
लाखनमाजरा के पास होटल में खाना खाने के लिए रुके थे। खाना खाकर जैसे ही सचिन कार में बैठा तो दूसरी कार से उतरे युवकों ने उस पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं। गंभीर हालत में सचिन को पीजीआई ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि सचिन को 15 से ज्यादा गोलियां मारी गई थीं।
विज्ञापन
लॉरेंस गैंग के रोहित गोदारा ने सोशल मीडिया पर डाली थी पोस्ट
एक मार्च को लॉरेंस गैंग के रोहित गोदारा के नाम से सोशल मीडिया पर पोस्ट डाली गई थी, इसमें लिखा था कि गुरुग्राम का बुकी (सचिन मुंजाल) जो खुद को दिल्ली का सबसे बड़ा (बुकी) मानता था, जिसकी आज लाखन माजरा, हरियाणा के होटल पर हत्या हुई है। इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी हम लेते हैं। वह हमारे दुश्मनों कौशल चौधरी और अमित डागर का पार्टनर था।
रोहतक में गिरफ्तार हो चुका था सचिन मैच पर सट्टा लगाते हुए
पुलिस ने जब रिकॉर्ड खंगाला तो पता चला कि अक्तूबर 2023 में क्रिकेट वर्ल्ड कप के दौरान श्रीलंका व पाकिस्तान के बीच चल रहे मैच पर सिसरौली गांव के एक मकान पर सट्टा लगाया जा रहा है। पुलिस ने दबिश देकर नौ लोगों को काबू किया था, इनमें सचिन भी शामिल था। हत्या के समय सचिन जमानत पर चल रहा था।
नेपाल बॉर्डर से बिहार के नेपाल बार्डर से किए थे युवक काबू
आठ मार्च को सीआईए प्रथम की टीम बिहार के नेपाल बार्डर से दो नाबालिग युवकों को लेकर पहुंची थी। एक दिल्ली व दूसरा राजस्थान का रहने वाला था। पूछताछ में खुलासा हुआ था कि आरोपी गुरुग्राम के स्क्रैप व्यापारी सचिन की हत्या में वांछित रहे हैं। यह भी खुलासा हुआ था कि गुरुग्राम के विशाल उर्फ कालू ने भी गोलियां चलाई थीं। तभी से विशाल फरार चल रहा है।
गुरुग्राम निवासी विशाल उर्फ कालू 29 फरवरी की रात लाखनमाजरा के नजदीक गुरुग्राम के ही स्क्रैप व्यापारी सचिन की हत्या में वांछित है। अब तक की जांच में खुलासा हुआ है कि उसने गोलियां चलाई थीं। अभी इनाम घोषित नहीं हुआ है। मामले में नौ आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। -कुलदीप सिंह, प्रभारी सीआईए प्रथम