रोहतक: नौनंद रोड पर पेड़ के नीचे मिला जींद के युवक का शव, गले पर निशान, पेड़ पर लटकी थी चादर
जींद के करेला गांव निवासी 32 वर्षीय विक्की गुरुग्राम माता के मंदिर में गया था। रोडवेज बस में बेटिकट मिलने पर 500 रुपये का चालान कटा गया था। आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा के रोहतक के खेड़ी साध से नौनंद रोड पर पेड़ के नीचे मंगलवार सुबह जींद के युवक का शव मिला है, जिसके गले पर निशान हैं। साथ ही पेड़ के ऊपर कपड़ा बंधा हुआ है। आशंका है कि युवक ने आत्महत्या की है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके। इसके चलते विसरा जांच के लिए लैब में भेजा गया है। आईएमटी थाना पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
पुलिस के मुताबिक सुबह करीब साढ़े आठ बजे सूचना मिली कि नौनंद रोड पर सड़क किनारे एक युवक का शव पड़ा हुआ है। गले में सफेद रंग की चादर बंधी है, जबकि एक चादर पेड़ से लटकी हुई है। पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल एक्सपर्ट डॉक्टर सरोज दहिया की मदद से घटनास्थल की जांच पड़ताल की।
जांच में मृतक की जेब से एक डायरी मिली। डायरी में मिले नंबर पर बात की तो मृतक की शनाख्त जींद जिले के गांव करेला निवासी 32 वर्षीय विक्की के तौर पर हुई। सूचना पाकर परिजन रोहतक पहुंचे। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया।
गुरुग्राम माता के दर्शन करने गया था विक्की
पुलिस के मुताबिक परिजनों ने बताया विक्की एक दिन पहले गुरुग्राम माता के मंदिर में दर्शन करने गया था। रात को वह घर नहीं लौटा। उसने आत्महत्या की है या उसकी हत्या हुई है, इसकी जांच पड़ताल की जाए। जांच अधिकारी एएसआई सुखबीर सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फांसी लगने से मौत बताई गई है। अब विक्की ने खुद फांसी लगाई है या किसी ने उसकी हत्या की है। इसकी जांच कर रहे हैं। विसरा जांच के लिए भेजा गया है।
टिकट न मिलने पर काटा था रोडवेज फ्लाइंग ने 500 रुपये का चालान
पुलिस को मृतक के पास रोडवेज फ्लाइंग द्वारा काटा गया 500 रुपये का चालान भी मिला है। पुलिस ने रोडवेज के उस अधिकारी से बात की और विक्की के बारे में जानकारी ली। रोडवेज इंस्पेक्टर ने बताया कि विक्की के पास टिकट नहीं था। उस पर 500 रुपये का जुर्माना लगाया गया, जो उसने तत्काल दे दिया था। इसके बाद उसे बस में बैठा दिया था।
सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही पुलिस
पुलिस का कहना है कि रोडवेज फ्लाइंग द्वारा चालान काटने के बाद उसे दोबारा बस में बैठा दिया गया था। इसके बावजूद विक्की नौनंद रोड पर कैसे पहुंचा। उसने आत्महत्या की या उसकी हत्या हुई है। इसका पता लगाने के लिए पुलिस आसपास के एरिया की सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
जींद के युवक विक्की की मौत आत्महत्या है या हत्या, यह अभी तय नहीं हो सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक की फांसी लगने से मौत बताई गई है, लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि युवक ने खुद फांसी लगाई है। विसरा जांच के लिए भेज दिया है। साथ ही पुलिस आसपास के एरिया में जांच पड़ताल कर रही है। अभी किसी के खिलाफ कोई केस दर्ज नहीं किया गया है। - इंस्पेक्टर कैलाश चंद, थाना प्रभारी आईएमटी