रोहतक। नगर निगम की एन्फोर्समेंट टीम द्वारा शुक्रवार को लाढ़ोत रोड, देव कॉलोनी, सुनारिया, डीएलएफ व सलारा मोहल्ले में अवैध रूप से बनाए गए रैंप व चबूतरों को तोड़ा गया है। बार-बार मिल रही शिकायतों के कारण निगम की ओर से यह कार्रवाई की गई है।
नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने बताया कि आमजन से पूर्व में भी अपील की गई थी कि कोई भी अतिक्रमण न करें अन्यथा नगर निगम की ओर से कार्रवई की जाएगी। नगर निगम कार्यालय में काफी शिकायतें मिल रही थी कि लोगों द्वारा घरों के आगे चबूतरे व रैंप आदि को बढ़ाकर कब्जा किया जा रहा था। इससे आमजन को आने-जाने में असुविधा होती है। आमजन को आने-जाने में किसी प्रकार की असुविधा उत्पन्न न हो इसलिए यह कार्रवाई की गई है। टीम द्वारा मानसरोवर पार्क, गोहाना रोड, सुखपुरा चौक, सरकुलर रोड, दिल्ली रोड आदि क्षेत्र से अतिक्रमण हटवाया गया। अतिक्रमण करने पर 11 चालान काटे गए और 14500 रुपये वसूले गए व सामान को जब्त किया गया। यहां यह भी स्पष्ट किया जाता है कि नगर निगम की ओर से अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध निरंतर कार्रवाई की जाएगी।