फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Rohtak News ›   Ban on transfer of Omaxe City to Municipal Corporation, water house to be built in 25 acres

Rohtak News: ओमैक्स सिटी के नगर निगम में हस्तांतरण पर रोक, 25 एकड़ में बनेगा जलघर

Fri, 22 Nov 2024 04:18 AM IST
Rohtak Bureau रोहतक ब्यूरो
Updated Fri, 22 Nov 2024 04:18 AM IST
विज्ञापन
Ban on transfer of Omaxe City to Municipal Corporation, water house to be built in 25 acres
ओमैक्स सिटी का फिलहाल नगर निगम में स्थानांतरण नहीं होगा। पहले नगर निगम आयुक्त धर्मेंद्र की अध्यक्षता में अधिकारियों की पांच सदस्यीय कमेटी पूरे मामले की जांच करेगी। अगली बैठक में कमेटी की रिपोर्ट पर निर्णय लिया जाएगा।
विज्ञापन

वहीं, पेयजल की समस्या का समाधान करने के लिए तिलियार के पास 25 एकड़ में जलघर बनेगा। इसके लिए सरकार ने डीसी से रिपोर्ट मांगी है। वीरवार को परिवेदना समिति की बैठक में पंचायत मंत्री कृष्णलाल पंवार ने यह बात कही।
विज्ञापन

हुड्डा सरकार के कार्यकाल में दिल्ली रोड पर भालौठ ब्रांच व जेएलएन के आगे प्राइवेट बिल्डर ने ओमैक्स सिटी काटी गई थी, जहां 700 से 800 के करीब प्लाॅट हैं। ओमैक्स सिटी निवासी यशवीर व सुमित ने 2023 में आयोजित परिवेदना समिति की बैठक में शिकायत दी थी कि ओमैक्स सिटी प्रबंधन मूलभूत सुविधाएं नहीं दे रहा है। पिछली बैठक में समिति ने ओमैक्स सिटी को नगर निगम में शामिल करने की प्रक्रिया पर रिपोर्ट मांगी थी। प्रदेश में भाजपा की तीसरी बार सरकार बनने पर वीरवार को हुई बैठक में पहला मुद्दा ओमैक्स सिटी का रखा गया। शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि बिल्डर ने ईडीसी व आईडीसी के नाम पर गड़बड़ी की है। प्लाॅट धारकों से 15 साल पहले ज्यादा पैसे ले लिए और सरकार के पास जमा कम करवाए। इसका पूरा रिकाॅर्ड निकलवाया जाए। अब तक लोगों को पूरी सुविधाएं नहीं मिल सकी हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

शिकायतकर्ता सुमित अभी अपनी बात रख रहे थे कि तभी एक महिला आई, बोली- मैं संतोष मुदगिल हूं और ओमैक्स सिटी के सेक्टर 26 में 30 साल से रह रही हूं। ओमैक्स सिटी को लेकर गलत शिकायत की जा रही है। शिकायतकर्ता यह भी बताएं कि 35 प्रतिशत लोग बिल तक नहीं भरते। जून में पूरा पानी दिया गया। निगम के हालात सबको पता है। वे निगम में शामिल नहीं होना चाहते। इस दृष्टिकोण को भी देखा जाए। मंत्री पंवार बोले- मैंने दोनों पक्षों की बात सुन ली है। निगम आयुक्त धर्मेंद्र की अध्यक्षता में कमेटी गठित की जाती है, जिसमें एसडीएम आशीष कुमार, डीटीपी सुमन, तहसीलदार राजेश कुमार व कार्यकारी अभियंता नगर निगम मनदीप धनखड़ भी शामिल होंगे। कमेटी अगली बैठक में हर दृष्टिकोण से जांच कर रिपोर्ट देगी। रिपोर्ट पर आगे का निर्णय लिया जाएगा।
.....
महिला नहीं केस में शिकायतकर्ता, समझ नहीं आ रहा किसने भेजा
महिला अचानक बैठक में आई। ओमैक्स सिटी के बिल्डर की तारीफ करने लगी। उनको भी समझ में नहीं आ रहा कि वह ऐसा क्यों कर रही है। बिल्डर ने करोड़ों का गोलमाल किया है। ईडीसी व ओडीसी के दृष्टिकोण से भी जांच की जाए।
- यशबीर सिंह, शिकायतकर्ता, ओमैक्स सिटी
.....
मोखरा के ग्रामीणों ने मांगा समय, अपने स्तर पर निपटाएंगे
बैठक में मोखरा के ग्रामीणों ने श्मशान घाट को लेकर शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता नहीं पहुंचे। इस पर एडीसी नरेंद्र कुमार ने कहा कि वे गांव में मामले की जांच करने गए थे। दोनों पक्षों ने कहा कि वे अपने स्तर पर ममाला सुलझाएंगे, यह लिखकर दिया है। मंत्री ने अगली बैठक के लिए मामला पेंडिंग रख दिया। वहीं, समचाना निवासी मिंटू ने शिकायत दी थी कि उसका सोलर पंप नहीं लगाया जा रहा है। वह भी बैठक में नहीं आया। जवाब में अधिकारी ने कहा कि पंप लगा दिया गया है।
....
डीसी ने मंत्री को बताया, 25 एकड़ में बनेगा नया जलघर, सरकार का पत्र आया
लाढ़ोत रोड स्थित शास्त्री नगर निवासी जयपाल सिंह ने मंत्री को बताया कि उनके क्षेत्र में पेयजल की समस्या है। उनके क्षेत्र की लाइन एचएसआईआईडीसी की लाइन से जोड़ी जाए। शिकायत सुनी जा रही थी कि डीसी ने मंत्री पंवार को बताया कि तिलियार झील के पास 25 एकड़ में नया जलघर बनेगा, जिसके बाद पानी की समस्या का पूरी तरह समाधान हो जाएगा। इसके लिए सरकार ने पत्र भेजकर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।
....
मंत्री बोले- अदालत से जो निर्णय आएगा, उसे लागू करवा देंगे
गढ़ी बोहर निवासी मंजीत ने बैठक में बताया कि नगर निगम ने एचएसआईआईडीसी की जमीन में श्मशान घाट बना दिया। उन्होंने शिकायत दी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। अदालत का दरवाजा खटखटाना पड़ा। अदालत में नगर निगम ने गलती तो मान ली, लेकिन दीवार नहीं तोड़ी। मंजीत शिकायत रख रहे थे, तभी एक बुजुर्ग आए, बोले- शिकायतकर्ता गांव के रहने वाले नहीं हैं, बल्कि बिल्डरों के इशारे पर ऐसे आरोप लगा रहे हैं, ताकि आसपास काटे गए प्लाॅट बिक सकें। अदालत में भी वे अपना पक्ष रख रहे हैं। मंत्री बोले- मामला अदालत में विचाराधीन है, इसलिए अदालत जो निर्णय लेगी, उसे लागू करवा दिया जाएगा।
.....
पुलिस बोली- शिकायतकर्ता नहीं दे पा रहे मिलकियत का सबूत
निगाना निवासी सुरेश ने शिकायत दी थी कि गांव में उनकी हवेली को तोड़ा और प्रॉपर्टी पर कब्जा कर लिया। कलानौर पुलिस की तरफ से रिपोर्ट दी गई कि शिकायतकर्ता भिवानी का रहने वाला है। मिलकियत का सबूत नहीं मिला है। मामला अदालत में चला गया है। मंत्री ने कहा कि अदालत जो निर्णय लेगी, उसे लागू करवा जाएगा। वहीं, भालौठ निवासी नरेंद्र ने खेतों से बिजली लाइन गुजरने की शिकायत की थी, लेकिन वे बैठक में नहीं आए। बिजली निगम ने कहा कि एस्टीमेट बना दिया है।
बलियाना निवासी अंकित बोले- मंत्री साहब! मेरे साथ धोखाधड़ी हुई
बलियाना निवासी अंकित ने शिकायत दी कि उसने गुप्ता प्रॉपर्टी डीलर से फ्लैट खरीदा था। कब्जा नहीं दिया जा रहा है। जवाब में डीटीपी सुमन ने कहा कि शिकायतकर्ता ने सीधा बिल्डर से फ्लैट नहीं खरीदा, बल्कि बीच में सुभाष गुप्ता ने बिल्डर से फ्लैट खरीदकर आगे बेचे हैं। अब उपभोक्ता कंज्यूमर कोर्ट या हरेरा में जा सकता है। शिकायतकर्ता बोले- मेरे साथ धोखाधड़ी भी हुई है। मंत्री बोले- एसपी नरेंद्र बिजारणिया को शिकायत दे दो, जांच करवा देंगे। वहीं, गोहाना रोड के दुकानदार बैठक में नहीं आए। अधिकारी ने कहा कि उनकी सड़क बनवा दी गई है। वहीं, शास्त्री नगर निवासी कर्नल शमशेर सिंह ने कहा कि लाढ़ोत रोड पर 33केवी सब स्टेशन की चहारदीवारी सही ढंग से नहीं की गई। मंत्री ने बिजली निगम व बीएंडआर को जांच के आदेश दिए। वहीं, एकता कॉलोनी निवासी गोपाल सिंह बैठक में नहीं आए। अधिकारी बोले- उनकी समस्या दूर हो गई है।
महिला बोली- मेरे साथ अन्याय हो रहा, डीसी खुद करेंगे सुनवाई
तेज कॉलोनी की महिला मंजू ने कहा कि उनके पति का देहांत हो चुका है। उनको बकाया मुआवजा राशि नहीं मिल रही है। जब भी जाती हूं, गलत भाषा में बात की जाती है। मंत्री ने डीसी से कहा कि मामले की व्यक्तिगत तौर पर सुनवाई करके पीड़िता को न्याय दिलवाएं।

-----
मंत्री के हलके से आई महिला बोली- न्याय नहीं मिल रहा
बलियाना गांव की युवती सोनिया पिता के साथ बैठक में पहुंचीं। सोनिया ने मंत्री को बताया कि उनकी शादी पानीपत जिले के गांव कालखा निवासी कुलबीर से थी, जो मिस्त्री का काम करते थे। उनके पति की मौत के बाद ससुराल वालों ने न केवल उनके खाते से पैसे निकाल लिए, बल्कि सामान भी रख लिया। पानीपत पुलिस से न्याय नहीं मिला। मंत्री ने कहा कि वह इसराना में उनसे मिले। जल्द न्याय दिलवाया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed