अमर उजाला फाउंडेशन, रेडी टू हेल्प सोसायटी एवं आपके साथ सामाजिक संस्था की ओर से 14 जून को आयोजित होगा शिविर
रोहतक। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर अमर उजाला फाउंडेशन और रेडी टू हेल्प (आरटीएच) सोसायटी एवं आपके साथ सामाजिक संस्था की ओर से 14 जून को रक्तदान शिविर लगाया जाएगा। इसके लिए जिला प्रशासन से अनुमति मिल गई है। सोशल डिस्टेंसिंग की शर्तों के साथ कैंप का आयोजन किया जाएगा। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए कैंप में प्रवेश से पहले हैंड सैनिटाइज करना व मास्क पहनना अनिवार्य रहेगा। सभी की एंट्री पर थर्मल स्कैनिंग की जाएगी। यह रक्तदान शिविर सैनी धर्मशाला चुनीपुरी, सैनी स्कूल रोड पर लगाया जाएगा। कैंप में रक्तदान का समय सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक का रहेगा। भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी मुख्यालय की ब्लड बैंक एवं पीजीआई ब्लड बैंक की टीमें कोरोना के संक्रमणकाल में जरूरतमंदों के लिए रक्त एकत्रित करेंगी। इन दिनों कई अस्पतालों में रक्त की कमी है। अन्य आपात स्थितियों के अलावा थैलेसिमिया से पीड़ित जरूरतमंदों को तो हर 15 दिन या एक महीने में रक्त की जरूरत पड़ती है। इसलिए अमर उजाला फाउंडेशन उत्तर भारत में रक्तदान शिविरों का आयोजन कर रहा है। शिविर में 100 या इससे अधिक बार रक्तदान करने वालों को सम्मानित किया जाएगा। रक्तदान संबंधित जानकारी एवं रजिस्ट्रेशन के लिए इन मोबाइल नंबरों पर 9813039827, 8814888689 व्हाट्सएप या कॉल के जरिये संपर्क किया जा सकता है।