रोहतक। स्वास्थ्य व परिवार कल्याण विभाग रोहतक हरियाणा व केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के सौजन्य से टीबी मुक्त भारत 100 दिवसीय अभियान 7 दिसंबर से शुरू किया गया है। 24 मार्च 2025 विश्व टीबी दिवस तक चलाया जाएगा। रोहतक से इस अभियान की शुरुआत 7 दिसंबर को उप प्रभागीय न्यायाधीश (एसडीएम) आशीष कुमार ने की।
इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और लोगों के स्वास्थ्य जांच को लेकर चलाई जाने वाली 3 निक्षय वैन (मेडिकल मोबाइल वैन) को शनिवार हरी झंडी दिखाकर रवाना किया किया। रोहतक के नागरिक अस्पताल में स्वास्थ्य विभाग रोहतक की ओर से आयोजित कार्यक्रम में नुक्कड़ नाटक के जरिए टीबी के बारे में आम जनता को जागरूक किया गया। इसमें विभाग की ओर से गांव जाकर निक्षय वैन (मेडिकल मोबाइल वैन) की सहायता से मरीजों के बलगम की जांच व एक्स-रे कर टीबी के संभावित मरीजों को खोज कर उनका समय पर इलाज शुरू किया जाएगा। ताकि जन हित में मरीजों को चिह्नित व इलाज कर समाज को टीबी मुक्त किया जा सके। इस दौरान सिविल सर्जन रोहतक डॉ. रमेश चंद्र आर्य, उप सिविल सर्जन (टीबी) डॉ. कुमारी इंदु , विश्व स्वास्थ्य संगठन सलाहकार डॉ. एजिल अरसन, जिला रेडक्रॉस सेक्रेटरी श्याम सुंदर आदि मौजूद रहे।