रेवाड़ी। गांव झाबुआ के लोगों ने सोमवार को एसडीएम बावल संजीव कुमार के सामने अपने गांव के जोहड़ के गंदे पानी की समस्या के समाधान की मांग उठाई। इस दौरान ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने एक साल पहले भी समस्या के समाधान की मांग उठाई थी, लेकिन परिणाम शून्य रहा। समस्या अभी जस की तस बनी हुई है।
पूर्व जिला पार्षद हरीश कुमार के साथ गांव झाबुआ के दो दर्जन ग्रामीण अपनी शिकायत लेकर एसडीएम बावल के पास पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने आश्वासन देकर उन्हें लौटा दिया था। साथ ही समस्या का जल्द समाधान कराने की भी बात कही। ग्रामीण नरेंद्र सिंह, थावरमल नंबरदार, हरीश कुमार पूर्व जिला पार्षद वार्ड 18, ओमप्रकाश, रणधीर सिंह, कर्ण सिंह, लालचंद स्वामी, बाबूलाल स्वामी, भीम सिंह सरपंच, लालाराम, सतबीर, रणधीर, शुभराम, मुकेश कुमार और नरेन्द्र कुमार आदि ने बताया कि गांव झाबुआ में आंगनबाड़ी केंद्र, पटवार भवन जोहड़ के गंदे पानी की वजह से बिल्कुल बंद हो गए हैं। स्कूल जाने में बच्चों को परेशानी आ रही है। जोहड़ का गंदा पानी गांव के भीतर आ रहा है और इस वजह से ग्रामीणों को करीब दो साल से लगातार परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने एसडीएम बावल संजीव कुमार को बताया कि उन्होंने इस समस्या के समाधान के लिए एक साल पहले भी गुहार लगाई थी तब बीडीपीओ और अन्य अधिकारी गांव में मौका देखने गए मगर अब तक समस्या हल नहीं हुई। एसडीएम संजीव कुमार ने इनको इस समस्या के जल्द समाधान का पुन: आश्वासन दिया है।