बेटे निकले पिता के हत्यारे: जमीन से बेदखल करने का था बेटों को संदेह, पुलिस ने सुलझाई हत्या की गुत्थी
हरियाणा में बेटों ने अपने पिता की हत्या इस बात को लेकर कर दी कि कहीं उनका पिता उन्हें जायदाद से बेदखल ना कर दे। बीते 31 मई को कालका नहर से लाल सिंह का शव मिला था जिसके बाद पुलिस ने लाल सिंह के दोनों बेटों को गिरफ्तार कर लिया है। डिटेल में पढ़ें खबर...
विस्तार
गांव संगवाड़ी निवासी लाल सिंह की हत्याकांड में बेटे ही हत्यारे निकले। दोनों बेटों रोहित और मोहित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बेटों ने हत्या इसलिए कर दी कि कहीं पिता उन्हें जायदाद से बेदखल न कर दे। गिरफ्तार किए गए एक अन्य आरोपी की पहचान यूपी के जिला मथुरा के गांव मनोहरपुर हाल किरायेदार गांव बनीपुर निवासी पवन कुशवाह के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा पूछताछ में आरोपी मोहित ने बताया कि पारिवारिक विवाद के चलते उसने अपने भाई रोहित व अपने साथी पवन कुशवाह के साथ मिलकर लोहे की मूसली से वार करके अपने पिता लाल सिंह की हत्या की थी।
हत्या के बाद दोनों भाई शव को बाइक पर रखकर कालाका नहर के पास डाल आए थे। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश करके पूछताछ के लिए एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। इस मामले में तीसरा आरोपी रोहित थाना कसौला में दर्ज आर्म्स एक्ट के एक मामले में पहले से ही न्यायिक हिरासत में है, जिसे जल्द ही पुलिस द्वारा प्रोडक्शन वारंट पर लेकर जांच में शामिल किया जाएगा।
रोहित से बरामद हुआ था हथियार
दो जून को क्राइम ब्रांच की टीम ने दिल्ली-जयपुर हाईवे स्थित गांव आसलवास फ्लाइओवर के समीप रोहित को देशी पिस्तौल और दो जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया था। पुलिस ने उससे सख्ती से पूछताछ की तो उसने अपने पिता की हत्या का राज उगल दिया। रोहित से मिली जानकारी के बाद मोहित और पवन कुशवाह को गिरफ्तार किया गया है।
कालाका नहर में मिला था लाल सिंह का शव
बीते 31 मई को पुलिस को कालाका नहर के पास एक व्यक्ति का शव पड़ा होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया था। मौके पर सीन ऑफ क्राइम टीम को बुलाया गया था। शव की शिनाख्त उसके परिजनों द्वारा करवाई गई तो शव की पहचान गांव संगवाड़ी निवासी लालसिंह पुत्र थावर सिह के रूप में हुई थी। खून के निशान लालसिंह के घर तक पाए गए थे। मृतक के बड़े भाई दल सिंह ने पुलिस को बताया कि लाल सिंह की हत्या उसके घर में करने के बाद शव को कालका नहर के पास फेंका गया था। इस पर पुलिस ने थाना कसौला में हत्या का मामला दर्ज करके जांच शुरू की थी।
पुलिस ने गांव संगवाड़ी निवासी लालसिंह की हत्या की गुत्थी सुलझा ली है। बेटों ने ही उसकी हत्या की थी। एक अन्य आरोपी पवन कुशवाह व गांव संगवाड़ी निवासी मोहित को गिरफ्तार किया गया है। उनसे पूछताछ जा रही है। -शिवदर्शन, प्रभारी, कसौला थाना
ये भी पढ़ें: श्मशान घाट पहुंची पुलिस: मृतक का किया जा रहा था अंतिम संस्कार, पुलिस को मिली थी हत्या की सूचना