रेवाड़ी। उत्पीड़ित महिलाओं को चिकित्सा व कानूनी सहायता मुहैया कराने के लिए चल रहे वन स्टाप सेंटर (सखी) जनहित में एक सार्थक कदम है। पीड़ित महिलाओं को न्याय प्रभावी रूप से उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार ने हर जिला में वन स्टॉप सेंटर शुरू किए हैं। ताकि जरूरतमंद महिलाओं को सहयोग मिल सके। उक्त बातें डीसी यशेंद्र सिंह ने कहीं हैं। उन्होंने कहा कि वन स्टॉप सेंटर का मुख्य उद्देश्य पीड़ित महिलाओं को एक छत के नीचे एकीकृत समर्थन और सहायता प्रदान करना है। इसके तहत सखी सेंटर का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार कर जागरूक करने का कार्य महिला एवं बाल विकास विभाग के माध्यम से किया जा रहा है। जन जागरूकता के लिए हेल्पलाइन नंबर 181 भी जारी किया गया है।
डीसी यशेन्द्र सिंह ने बताया कि सखी सेंटर में प्रदान की जाने वाली सुविधाओं में दुष्कर्म, घरेलू हिंसा, तेजाब पीड़ित, मानव तस्करी, बाल विवाह, साइबर क्राइम, गायब होने, अपहरण, दहेज आदि महिलाओं व लड़कियों को वन स्टाप सेंटर पर तत्काल मदद मुहैया करवाई जाती हैं। उन्होंने बताया कि पीड़ित महिलाओं को एक फोन काल पर तत्काल मदद, पीड़ित महिलाओं के लिए मेडिकल जांच इलाज की व्यवस्था, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए उनके लिए रोजगार उपलब्ध करवाना, आपात स्थिति में रहने-खाने और ईलाज की सुविधा उपलब्ध, सेंटर में कानूनी सलाह के लिए अधिवक्ता उपलब्ध कराना, साथ ही पीड़ित महिला एवं बालिका को मनोवैज्ञानिक परामर्श और काउंसलिग की सुविधा प्रदान की जाती है।