रेवाड़ी। जिले में रक्षक की भक्षक बनते जा रहे हैं। लगातार पुलिस कर्मचारियों पर एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम की तरफ से कार्रवाई की जा रही है, जिसमें पुलिस रंगे हाथों रिश्वत लेते हुए पकड़े जा रहे हैं। ताजा मामला सोमवार को ही सामने आया है। जिसमें सदर थाने के प्रभारी सुनील दत्त और एएसआई कमल कुमार को एसीबी की टीम ने रिश्वत के 50 हजार रुपये लेते गिरफ्तार किया है। ऐसा पहला मामला नहीं है, जब इस तरह से एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने कार्रवाई की हो, इससे पहले भी इसी प्रकार का मामला आया था।
फरवरी के पहले सप्ताह में एसीबी ने जाल बिछाकर कार्रवाई करते हुए सीआईए के इंस्पेक्टर अनिल कुमार से 3 लाख 75 हजार रुपये की राशि रिश्वत की बरामद की थी। उसके बाद सब इंस्पेक्टर अजीत सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया गया। 30 लाख रुपये रिश्वत मांगी गई थी। 28 जनवरी की रात को शहर के उत्तम नगर स्थित एक घर में सीआईए 3 की टीम ने रेड करते हुए क्रिकेट मैच पर सट्टा लगवाने के लिए चलाई जा रही बुक का खुलासा किया था। पुलिस ने मौके पर से कुछ लोगों को गिरफ्तार किया था। जो आरोपी पकड़े गए थे इसमें से एक की जमानत सचिन ने कराई थी। उसके बाद से ही सीआईए की टीम ने सचिन पर नजर रखनी शुरू कर दी। इंस्पेक्टर अनिल सचिन को परेशान करने लगा। परेशान होकर इसकी जानकारी एसीबी को दी गई।