ATM कार्ड बदलकर ठगी: पुलिस ने मुख्य सरगना को किया गिरफ्तार, 6 साल से था फरार
एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी बीते 6 साल से फरार चल रहा था। डिटेल में पढ़ें खबर...
विस्तार
एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने के मामले में 6 साल से फरार चल रहे गिरोह के मुख्य सरगना को पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान जिला पलवल के गांव उटावड़ निवासी साजिद उर्फ सज्जी के रूप में हुई है। पुलिस इस मामले में गिरोह के दो सदस्यों को पहले ही गिरफ्तार करके उनके कब्जे से 30 हजार रुपये बरामद कर चुकी है।
डीएसपी हेडक्वार्टर डॉ. रविन्द्र सिंह ने मंगलवार को प्रेसवार्ता में बताया कि संतोष कॉलोनी बास रोड धारूहेड़ा निवासी मनोज कुमार ने अपनी शिकायत में बताया था कि 30 अगस्त 2019 को वह धारूहेड़ा के भगत सिंह चौक स्थित पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम में पैसे निकालने के लिए गया था। जब वह पैसे निकालने लगा तो एटीएम में खड़े एक युवक ने पैसे निकालने में मदद की पेशकश की। इसके बाद आरोपी ने उनसे पिन नंबर भी ले लिए और कार्ड लगाकर कहा कि अभी मशीन काम नहीं कर रही है।
इस दौरान आरोपी ने उनका कार्ड बदल लिया और उसको किसी दूसरे का कार्ड दे दिया। इसके बाद वह अपनी गाड़ी में बैठ कर वहां से चला गया। कुछ समय बाद उनके मोबाइल पर पैसे निकलने का मैसेज आया जिसमें आरोपी युवक ने उनके खाते से 5 बार में 43 हजार रुपये निकाल लिए। जिस पर पुलिस ने थाना धारूहेड़ा में ठगी का मामला दर्ज करके मामले में संलिप्त गिरोह के दो सदस्य तौफिक खान व भूरा उर्फ हिम्मत को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था जो इस मामले में पुलिस ने सोमवार को गिरोह के मुख्य सरगना जिला पलवल के गांव उटावड़ निवासी साजिद उर्फ सज्जी को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मंगलवार को आरोपी को अदालत में पेश करके पूछताछ के लिए दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
आरोपी के खिलाफ अन्य मामले
आरोपी साजिद उर्फ सज्जी के खिलाफ पहले भी थाना धारूहेड़ा, सेक्टर-6 धारूहेड़ा, कसौला, जिला गुरुग्राम के थाना सदर, सेक्टर-18, सेक्टर-50, जिला नूंह के थाना सदर, पुन्हाना व जिला पलवल के थाना बहिन में पशु क्रूरता अधिनियम, हत्या के प्रयास व ठगी के 20 मामले दर्ज है। अदालत ने आरोपी साजिद उर्फ सज्जी को तीन मामलों में पीओ भी घोषित किया हुआ है जो रेवाड़ी पुलिस को एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने के 8 मामलों में आरोपी साजिद उर्फ सज्जी की तलाश थी। पुलिस द्वारा आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।
ये भी पढ़ें: 86 साल की बुजुर्ग से दुष्कर्म: आरोपी की उम्र 61 साल, दिनदहाड़े घर में घुसा... कमरे में अकेली सो रही थी महिला
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.