स्थानीय रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था को बनाए रखने के लिए आरपीएफ ने जांच अभियान चलाया। इस दौरान आरपीएफ निरीक्षक प्रदीप कुमार सांगवान ने कहा कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु, व्यक्ति और विस्फोटक पदार्थ की पहचान करने में डॉग स्क्वायड की अहम भूमिका होती है।
उन्होंने बताया कि हमारे पास विस्फोटक पदार्थ को सूंघकर पहचान करने में विशेष क्षमता रखने वाला डॉग मर्फी काफी समय से सेवा में है। जिसकी व्यवस्था के लिए डॉग हैंडलर कांस्टेबल ललित व कांस्टेबल राजेश हमेशा तैयार रहते हैं। उन्होंने बताया कि आरपीएफ सहायक सुरक्षा आयुक्त अवतार सिंह तूर के मार्गदर्शन में आरपीएफ व जीआरपी रेवाड़ी थाना के नेतृत्व में जांच अभियान चलाया जा रहा है। आरपीएफ इंस्पेक्टर ने बताया कि यात्रियों को अप्रिय घटनाओं से बचाने के लिए आरपीएफ व जीआरपी के जवानों द्वारा सामान की जांच की जा रही है तथा यात्रियों को कोविड से बचाव के साथ सफर करने के बारे में हिदायत भी दी जा रही है। जीआरपी थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर रणबीर सिंह ने बताया कि स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा के लिए जीआरपी व आरपीएफ जवान 24 घंटे ड्यूटी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि रेलवे स्टेशन के पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहनों, प्लेटफार्म, विश्रामगृह, आने जाने वाली यात्री गाड़ियों में लोगों के सामान की डॉग स्क्वायड के द्वारा जांच करके व्यक्तिगत पूछताछ भी की जा रही है।