Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Rewari News ›   District Execution Cell formed to prevent delays in the implementation of court judgments

Rewari News: अदालती फैसलों पर अमल में देरी रोकने के लिए जिला एग्जीक्यूशन सेल गठित

Sat, 21 Nov 2026 11:33 PM IST
रोहतक ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, रेवाड़ी
संवाद न्यूज एजेंसी, रेवाड़ी Updated Sat, 21 Nov 2026 11:33 PM IST
विज्ञापन
District Execution Cell formed to prevent delays in the implementation of court judgments
रेवाड़ी। अदालत से फैसला मिलने के बाद अब उसके लाभ के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। संपत्ति कुर्की, नीलामी से लेकर बैंक खातों में जमा राशि के भुगतान तक की अड़चनें दूर करने के लिए रेवाड़ी में जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने जिला एग्जीक्यूशन सेल का गठन किया है। यह सेल अदालती आदेशों के त्वरित और प्रभावी क्रियान्वयन में अहम भूमिका निभाएगा।
विज्ञापन

पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के निर्देशों के अनुपालन में यह कदम उठाया गया है। सेल के संबंध में जिला एवं सत्र न्यायाधीश कार्यालय की ओर से आदेश जारी किया गया है। इसमें सुप्रीम कोर्ट के 25 मई और 15 अक्तूबर 2026 के आदेशों और पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के 14 नवंबर के परिपत्र का हवाला दिया गया है।
विज्ञापन

सुप्रीम कोर्ट ने निष्पादन याचिकाओं में तेजी लाने और संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए थे। जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने रेवाड़ी के अलावा बावल और कोसली उपमंडल में तैनात सभी न्यायिक अधिकारियों और निष्पादन न्यायालयों को आदेशों का तत्काल पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

जिला एग्जीक्यूशन सेल में पांच अधिकारी शामिल किए गए हैं। वरिष्ठ अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश (एडीजे-1) नरेंद्र पाल को अध्यक्ष बनाया गया है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव डॉ. रेनू सोलखे सदस्य सचिव बनाई गई हैं।
पंजाब नेशनल बैंक के वरिष्ठ प्रबंधक एवं लीड जिला प्रबंधक महेंद्र सिंह यादव को बैंकिंग सदस्य, एसडीएम रेवाड़ी दलवीर सिंह राजस्व विभाग का सदस्य बनाया गया है जबकि डीएसपी मुख्यालय संजीव कुमार को पुलिस सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। संवाद

संपत्ति का ब्योरा लेकर तैयार होगी निष्पादन योजना
सेल की जिम्मेदारी अदालत के फैसले के बाद देनदार की संपत्ति से संबंधित जानकारी जुटाने और निष्पादन प्रक्रिया को गति देने की होगी। जिन व्यक्तियों के खिलाफ अदालत ने फैसला सुनाया है, उनसे सीपीसी के आदेश 21 नियम 41 (2) के तहत फार्म नंबर 16ए में संपत्ति का शपथपत्र दाखिल करवाने की प्रक्रिया पर निगरानी रखी जाएगी। इसमें संबंधित व्यक्ति की संपत्तियों का विवरण जुटाया जाएगा। इसके आधार पर सेल ड्राफ्ट कामर्शियल कोर्ट रूल्स-2021 की अनुसूची-16 के अनुरूप निष्पादन योजना तैयार करेगा। इसमें देनदार की संपत्तियों का विवरण, संपत्ति कुर्क करने, नीलामी और बिक्री की प्रक्रिया और प्रत्येक चरण को पूरा करने की प्रस्तावित समयसीमा निर्धारित की जाएगी। तैयार योजना तत्काल संबंधित निष्पादन न्यायालय के समक्ष रखी जाएगी, ताकि अदालत आवश्यक कार्रवाई के संबंध में निर्देश दे सके।

कुर्की और नीलामी में आने वाली बाधाएं होंगी दूर
निष्पादन प्रक्रिया के दौरान संपत्ति की कुर्की, नीलामी और बिक्री में आने वाली बाधाओं को दूर करने में भी यह सेल अदालतों की मदद करेगा। बैंकों और वित्तीय संस्थानों में जमा राशि का भुगतान करवाने में आने वाली दिक्कतों को दूर करने के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय किया जाएगा। स्थानीय प्रशासन, राजस्व विभाग, पुलिस और अन्य संबंधित एजेंसियों से रिपोर्ट मिलने में देरी होने पर भी सेल हस्तक्षेप कर आवश्यक सहयोग उपलब्ध करवाएगा।


हर महीने होगी समीक्षा बैठक
वरिष्ठ अधिवक्ता अश्वनी तिवारी ने बताया कि जिला एग्जीक्यूशन सेल की कम से कम महीने में एक बार बैठक होगी। जरूरत पड़ने पर एक महीने में इससे अधिक बैठकें भी आयोजित की जा सकेंगी। इनमें निष्पादन याचिकाओं के जल्द निपटारे में आ रही समस्याओं, विभागीय रिपोर्ट में देरी और संबंधित अधिकारियों से अपेक्षित सहयोग जैसे मुद्दों की समीक्षा की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed