रेवाड़ी। इंदिरा गांधी विश्विद्यालय (आईजीयू) मीरपुर में सोमवार को विधि विभाग के विद्यार्थियों ने मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने इंदिरा गांधी विवि में परीक्षा नियंत्रक को एक ज्ञापन सौंपा।
छात्र नेता हिमांशु सिराधना ने कहा कि विवि द्वारा वीरवार को मानक संचालन प्रक्रिया एसओपी जारी की गई थी। जिसमें विधि विभाग व बी-फार्मेसी के छात्रों के साथ भेदभाव किया गया है। विधि विभाग के छात्रों को जब इसका पता चला तो उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया और बड़ी संख्या में इंदिरा गांधी विवि पहुंचकर परीक्षा नियंत्रक को ज्ञापन सौंपा। छात्रों की आवाज दबाने को लेकर के विश्वविद्यालय प्रशासन ने पुलिस बुला रखी थी, परंतु अंत तक शांतिपूर्ण स्थिति बनी रही। परीक्षा नियंत्रक सुरेश धनेरवाल ने सकारात्मक रवैया दिखाते हुए छात्रों की सभी मांगों को मानने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर परगेश यादव, सूर्यकांत यादव, दीपक सैनी, दीवान शर्मा, रिंकू बेनीवाल, राहुल यादव, नितिन यादव, भगवान सिंह, संदीप अहलावत, सनी, सुधीर चौधरी सहित अन्य विद्यार्थी मौजूद रहे। बता दें कि आईजीयू में विद्यार्थियों को मांगों के लिए लगातार प्रदर्शन करना पड़ रहा है। परीक्षाओं में सुधार की बात हो या फिर परिणाम को लेकर विद्यार्थियों के प्रदर्शन के बाद समाधान का आश्वासन दिया जाता है। लेकिन विवि में आज तक स्थायी तौर इन समस्याओं का समाधान नहीं हो सका है।