रेवाड़ी। अनाज मंडी स्थित अटल श्रमिक किसान कैंटीन के समीप हुई बैठक में 10 रुपये में भरपेट भोजन उपलब्ध कराने वाली अटल कैंटीन योजना के नेटवर्क और मीनू का विस्तार करने की मांग उठी है। लोक सेवा मंच ने इस संबंध में मुख्यमंत्री को पत्र भेजने का निर्णय लिया है। मंच के पदाधिकारियों ने मेगा मिशन जनसंपर्क अभियान के तहत मजदूरों, किसानों, ऑटो चालकों, मैकेनिकों, ड्राइवरों और अन्य कम आय वर्ग के लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं।
मंच के अनुसार शहर के विभिन्न स्थानों और आसपास के गांवों में लोगों ने अटल कैंटीन की संख्या बढ़ाने की मांग की। संगठन का कहना है कि योजना से जरूरतमंद लोगों को कम कीमत पर भोजन उपलब्ध कराने में मदद मिलती है। इसके साथ ही कैंटीन के मीनू में पौष्टिक खाद्य पदार्थ शामिल करने की मांग भी की गई। सुबह नाश्ते में पराठा-दही, दोपहर में रायता या लस्सी व मिष्ठान तथा रात के भोजन में दूध और सप्ताह में एक बार खीर शामिल करने का सुझाव दिया गया। बैठक में अशोक प्रधान, महेश कौशिक, बीके राम सिंह, राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, डॉ. सुरेश कुमार और नंदलाल यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।