आईपीएस सुसाइड केस: कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र ने सरकार को ठहराया जिम्मेदार, कही ये बात
हरियाणा के आईपीएस अधिकारी वाई. पूरण कुमार के सुसाइड नोट में वरिष्ठ अधिकारियों पर जातिगत प्रताड़ना के आरोपों को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने प्रदेश और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है।
विस्तार
हरियाणा के आईपीएस अधिकारी वाई. पूरण कुमार के सुसाइड नोट में वरिष्ठ अधिकारियों पर जातिगत प्रताड़ना के आरोपों को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने प्रदेश और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने इसे लोकतंत्र के लिए शर्मनाक और लोकतंत्र की हत्या करार दिया। राव ने कहा कि इस मामले को वरिष्ठ अधिकारियों और मुख्यमंत्री को समय रहते सुलझाना चाहिए था, ताकि एक काबिल अधिकारी को आत्महत्या जैसा कदम न उठाना पड़े। कांग्रेस इस मुद्दे को गंभीरता से ले रही है और विचार-विमर्श के बाद आगे की कार्रवाई करेगी। उन्होंने हरियाणा में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर भी सवाल उठाए, इसे बेहद खराब बताया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री के जापान दौरे पर तंज कसते हुए कहा कि 11 साल में कोई निवेश नहीं आया, उल्ट हरियाणा से उद्योग गुजरात जैसे राज्यों में पलायन कर रहे हैं।
उन्होंने सरकार को 10 में से शून्य अंक दिया। हरियाणा सरकार का एक साल पूरे होने पर राव ने कहा कि सरकार के पास कोई उपलब्धि नहीं है। वोट चोरी कर सत्ता में आई सरकार जनता के भरोसे के लायक नहीं है। बिहार विधानसभा चुनाव पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि वहां संस्थाएँ काम नहीं कर रही हैं और लोग समझ चुके हैं कि उनके वोट चोरी हो रहे हैं। राव ने अनुमान लगाया कि बिहार में महागठबंधन पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगा।
कैप्टन अजय यादव की अनुपस्थिति पर जवाब
कैप्टन अजय सिंह यादव के ना पहुंचने पर पत्रकारों के सवाल के जवाब में राव ने कहा कि उनकी अनुपस्थिति का कारण कोई अन्य कार्य हो सकता है, न कि नाराजगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस में सभी निर्णय हाईकमान लेता है, इसलिए नाराजगी की बात निराधार है। बता दें कि अजय यादव ने पहले प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति पर सवाल उठाए थे।
कृषि मुद्दों पर चिंता
राव नरेंद्र सिंह ने गुरुग्राम और रेवाड़ी की नई अनाज मंडियों का दौरा कर किसानों की समस्याओं पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि किसान बाजरा 1,600 रुपये प्रति क्विंटल बेचने को मजबूर हैं, जबकि सरकार की भावंतर योजना में केवल 575 रुपये मिल रहे हैं, जिससे किसानों को भारी नुकसान हो रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस की निगरानी में खाद बिक्री बंद होनी चाहिए। इस दौरान उनके साथ ग्रामीण अध्यक्ष सुभाष छाबड़ी, पूर्व मंत्री डॉ. एम.एल. रंगा, किसान कांग्रेस जिला अध्यक्ष ऋषि यादव, महेंद्र छाबड़ा सहित कई कांग्रेस नेता मौजूद थे।