बावल। गांव तिहाड़ा के निकट शनिवार की शाम को ट्रैक्टर से टकराकर बाइक सवार युवक की मौत हो गई। साथ ही पीछे बैठी उसकी धर्म बहन घायल हो गई। रक्षाबंधन पर मृतक की धर्म बहन राखी बांधने के लिए आई थी, जिसको छोड़ने के लिए वह बावल जा रहा था। इसी दौरान यह हादसा हो गया। पुलिस ने रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। घटना के बाद गांव में भी शोक छा गया।
गांव शाहपुर निवासी जयदयाल ने बताया कि वह शनिवार की शाम को बावल से अपने गांव आ रहा था। रास्ते में बारिश की वजह से तिहाड़ा गांव के बस स्टॉप पर तिबारा में रुक गया था। इसी दौरान तिहाड़ा गांव के अंदर से आए ट्रैक्टर चालक ने लापरवाही से वाहन को बावल की तरफ मेन रोड पर अचानक मोड़ दिया। इसकी वजह से प्राणपुरा की तरफ से आ रहे बाइक सवार युवक-युवती गिरकर घायल हो गए। चालक ने कुछ दूरी पर जाकर ट्रैक्टर को रोका और फिर वहां से चला गया। उसने जब घायल युवक को देखा तो वह उसके भाई बाबूलाल का लड़का समुंद्र सिंह (36) था। वहीं पीछे बैठी युवती समुंद्र की धर्म बहन मीनाक्षी थी। तत्पश्चात हादसे की सूचना पुलिस को दी गई और मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। यहां पर चिकित्सकों ने समुंद्र सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि मीनाक्षी को रेवाड़ी के लिए रेफर कर दिया। बावल पुलिस ने मृतक के चाचा की शिकायत पर अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।