पानीपत। जिला नगर योजनाकार विभाग की टीम ने बुधवार को अंसल सुशांत सिटी में एक अनधिकृत गेट हटाने के साथ चार अवैध कॉलोनियों में कार्रवाई की। यहां भैंसवाल, कुटानी, तरफ मखदूमजादगान और कुराड़ में 22 एकड़ में बनाई डीपीसी के साथ सड़क और मकानों को गिराया गया। जिला नगर योजनाकार अधिकारी सुमित मलिक की देखरेख में टीम बुधवार को अंसल सुशांत सिटी पहुंची। यहां अनधिकृत एक गेट को हटाया। टीम ने कुराड़ और शिमला गुजरान गांव के राजस्व क्षेत्र में दो अनधिकृत संरचनाओं को तोड़ा, इसके साथ भैंसवाल, कुटानी, तरफ मखदूमजादगान, कुराड़ और जिला पानीपत के राजस्व क्षेत्र में लगभग 22 एकड़ में फैली चार अनधिकृत कॉलोनियों में पूरे कच्चे सड़क नेटवर्क, निर्माणाधीन संरचनाओं व डीपीसी को तोड़ा। जिला नगर योजनाकार अधिकारी सुमित मलिक ने बताया कि अनधिकृत कॉलोनियों में प्लॉट नहीं लेना चाहिए, ऐसे लोग पहले सस्ते कहकर प्लाट दे देते हैं। लोग भी अपनी गाढ़ी कमाई कॉलोनाइजर को दे देते हैं, ऐसे में कार्रवाई होने पर लोगों को पछतावा होता है। लोगों को अनधिकृत कॉलोनी में जमीन नहीं लेनी चाहिए।