पानीपत। फैक्टरी में काम करके पिता के साथ घर लौट रहे बेेेटे की तेज रफ्तार बाइक से टक्कर मार दी। हादसे में बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। पिता ने घायल बेटे को सामान्य अस्पताल पहुंचाया लेकिन वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। चांदनीबाग थाना पुलिस ने पिता के बयान पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी बाइक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है, वहीं पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया।
गांव जालपाड़ निवासी इकराम ने बताया कि वह गांव छाजपुर खुर्द स्थित एक फैक्टरी में काम करते हैं। वहीं पर बेटा सुहेल (22) भी काम करता था। उन्होंने बताया कि वह 21 जनवरी को वह बेटे के साथ काम खत्म कर घर लौट रहे थे। जब वह चौटाला रोड पर शिव चौक से पहले देसी शराब ठेके के पास पहुंचे तो छाजपुर खुर्द की तरफ से एक तेज रफ्तार बाइक ने बेटे को टक्कर मार दी। हादसे में सुहेल गंभीर रूप से घायल हो गया। वह बेटे को संभालने लगा तो आरोपी बाइक चालक भाग निकला। वह बेटे को स्थानीय लोगों की मदद से सामान्य अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इकराम ने बताया कि उनके तीन बच्चों में दो बड़ी लड़कियां हैं। सुहेल दो बहनों के बीच इकलौता भाई था।