पानीपत। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) ने दिसंबर-2026 की सत्रांत परीक्षा के लिए ऑनलाइन असाइनमेंट प्रबंधन प्रणाली (ओएएमएस) के माध्यम से असाइनमेंट जमा करने की सुविधा आधिकारिक तौर पर शुरू कर दी है। इसके तहत मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा (ओडीएल) और ऑनलाइन (ओएल) कार्यक्रमों में नामांकित पात्र विद्यार्थी विश्वविद्यालय के ऑनलाइन पोर्टल के जरिए अपने असाइनमेंट जमा कर सकेंगे। असाइनमेंट 20 नवंबर तक जमा कराए जा सकते हैं। ये जानकारी इग्नू के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. धर्मपाल ने दी।
उन्होंने बताया कि डिजिटल माध्यम से शैक्षणिक सेवाओं को सरल और पारदर्शी बनाने के लिए ये कदम उठाया गया है। इससे विद्यार्थियों को असाइनमेंट अपलोड करने, पावती प्राप्त करने और मूल्यांकन की स्थिति जानने में आसानी होगी। विद्यार्थियों को अपने इग्नू समर्थ पोर्टल खाते में लॉगिन कर कोर्स के अनुसार असाइनमेंट जमा करने होंगे। असाइनमेंट के सभी उत्तर अनिवार्य रूप से हस्तलिखित होने चाहिए। प्रत्येक कोर्स के सभी उत्तरों को एक ही पीडीएफ फाइल में स्कैन करना होगा। इसका आकार 20 एमबी से अधिक नहीं होना चाहिए। पीडीएफ के पहले पृष्ठ पर विद्यार्थी का नाम, नामांकन संख्या, अध्ययन केंद्र कोड, पाठ्यक्रम कोड, क्षेत्रीय केंद्र का विवरण और ई-मेल स्पष्ट रूप से अंकित होना चाहिए। असाइनमेंट किसी भी स्थिति में ई-मेल के माध्यम से नहीं भेजे जाने चाहिए, केवल ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। ब्यूरो