पानीपत। जैन समाज ने शहर के किसी एक चौक का नाम महावीर चौक करने की मांग की है। इस संबंध में वीरवार को जैन समाज ने सीनियर डिप्टी मेयर दुष्यंत भट्ट को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि पानीपत में सभी चौकों का सुंदरीकरण चल रहा है। जैन समाज भी इसमें अपनी भागीदारी चाहता है। आठ मरला चौक, गोहाना चौक, सेक्टर 13-17 चौक में से किसी भी एक चौक का नाम महावीर चौक किया जाए। उस पर जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर महावीर स्वामी जी की फोटो लगाकर सुंदरीकरण कराया जाएगा।
सीनियर डिप्टी मेयर के पास गए जैन समाज से सदस्य राजिंदर जैन, प्रवीन जैन, नरेश जैन, अजित जैन, अजित मित्तल ने बताया कि पहले रेलवे रोड का नाम महावीर रोड था, जिसे बदल दिया गया। उनकी मांग है कि रेलवे रोड का नाम महावीर मार्ग होना चाहिए और भगवान महावीर के नाम का पत्थर लगाया जाना चाहिए। राष्ट्रीय जैन संत श्री सुदर्शन लाल महाराज का 100वां शताब्दी वर्ष चल रहा है। माल गोदाम रोड भारतीय स्टेट बैंक के साथ गुरु सुदर्शन द्वार बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जैन समाज अपने स्तर से भी सुंदरीकरण करा सकता है।