मां ने पैसे जोड़-जोड़कर बेटे को दिलाया 10 हजार का फोन, गुम हुआ तो बेटे ने पी लिया तेजाब
गांव डाहर में फैक्ट्री में रहने वाले एक युवक ने तेजाब निगलकर आत्महत्या करने की कोशिश की। युवक मोबाइल गुम हो जाने से आहत था। दरअसल मां ने कई माह तक मजदूरी कर पैसे जमा कर बेटे को मोबाइल फोन दिलाया था। अगले ही दिन मोबाइल गुम हो गया। इससे युवक इतना आहत हुआ कि उसने तेजाब पी लिया। अब युवक करनाल के मेडिकल कॉलेज में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है।
पिता उघल निवासी सहारनपुर, यूपी हाल निवासी गांव डाहर ने बताया कि वह एमके मिल में मजदूरी करता है। उन्होंने बताया कि उसका बेटा जीतू बार-बार नए फोन की मांग कर रहा था लेकिन उनके पास पैसे नहीं थे। वह हर बार अपनी मां से नया एंड्रायड फोन दिलाने की मांग करता रहता था। उन्होंने बताया कि पत्नी ने उसे नहीं बताया और वह जीतू को फोन के लिए रुपये जोड़ती रही। उसने 28 दिसंबर को जीतू को नया फोन दिया। जिसे पाकर जीतू बहुत खुश हुआ, लेकिन अगले ही दिन वह गुम हो गया। जिससे आहत होकर वह पूरा दिन अपने मां के सामने नहीं आया।
वहीं रात को वह अपने घर पर पहुंचा और उसके हाथ में तेजाब की बोतल थी। उन्होंने बेटे के हाथ से वह बोतल ले ली और उसे शौचालय में ले जाकर रख दिया। वहीं 30 दिसंबर की सुबह बेटे जीतू ने सुबह 10 बजे तेजाब पी लिया। उनके पास ही लेबर क्वार्टर में रह रहे जीतू के बहनोई संजय ने उसे बेसुध पड़ा देखा तो सूचना परिवार के सदस्यों को दी। जिसके बाद उसे सामान्य अस्पताल पहुंचाया। जहां से डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे करनाल मेडिकल कॉलेज में रेफर कर दिया।
मां बोली: बेटा फोन तो दूसरा आ जाता लेकिन तुझे कहां से लाती
जीतू की मां को जब तेजाब पीने की सूचना मिली तो वह भी पानीपत सामान्य अस्पताल पहुंची और आकर अपने बेटे के गले लग गई। वहीं रोते हुए अपने बेटे को कहा कि बेटा फोन तो दूसरा आ जाता लेकिन तूझे मैं कहां से लेकर आती। इतना सुनते ही एक बार बेटे जीतू की भी आंखों में आंसू आए और खुद की गलती मान ली।
दो बहनों में इकलौता है जीतू
पिता उघल ने बताया कि जीतू दो बहनों में इकलौता है। इसलिए उसे कुछ भी होता है तो सबसे ज्यादा उसकी मां को ठेस पहुंचती है। उन्होंने बताया कि वह पूरे परिवार में अपनी मां का लाडला है। मां बचपन से ही उसकी हर इच्छा को पूरा करती आई है।
गम में था, दो बार मुंह से हटाया लेकिन तीसरी बार में पी लिया
चचेरे भाई रवि ने बताया कि फोन गुम होने से काफी परेशान था। जब पूरा परिवार काम पर चला गया था तो घर के अंदर कमरे में चला गया। वह भी उसके साथ था। शौचालय के अंदर से वह तेजाब की बोतल उठाकर लाया और उसे पीने की बात कही। रवि ने बताया कि उसने दो बार पीने से रोका लेकिन वह बाहर आया तो इसी का फायदा उठाकर उसने तीसरी बार में पी लिया।