पानीपत। मध्यप्रदेश के जिले रीवा के गांव परढ़ीया निवासी 18 वर्षीय युवती ने पानीपत में उरलाना कलां स्थित एक पोल्ट्री फार्म के अंदर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उरलाना चौकी पुलिस ने परिजनों को सूचना दी तो वे पानीपत पहुंचे। शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिजनों को सौंप दिया गया। पिता के अनुसार, युवती पिछले एक माह से पड़ोसी युवक संग लापता थी, अब पुलिस ने उन्हें मौत की सूचना दी।
मध्यप्रदेश निवासी होरामढ़ी ने बताया कि उनके चार बच्चों में दो बेटे हैं। बड़ी बेटी के अलावा सबसे छोटी बेटी आंचल (18) थी। करीब डेढ़ माह पहले पड़ोसी युवक लेखमढ़ के साथ प्रेम संबंध के चलते आंचल का झगड़ा हो गया था। 2 जुलाई को बेटी घर से दस्तावेज लेकर बहाना कर निकल गई थी। जब वह नहीं लौटी तो लेखमढ़ के घर गए। वह भी नहीं था। अब पानीपत की उरलाना चौकी पुलिस ने उन्हें फोन कर आंचल की आत्महत्या की सूचना दी। पता चला कि उरलाना कलां स्थित पोल्ट्री फार्म में बेटी ने फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस ने उन्हें जो फोटो दिखाई, उसमें गले पर फंदे के निशान दिखाई दे रहे हैं। परिजनों ने लेखमढ़ पर आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस ने मामले में 174 की कार्रवाई कर शव परिजनों को सौंप दिया।