अफगानिस्तान में बिगड़ते हालात को देखते हुए भारत के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले अफगानी विद्यार्थियों के सहयोग के लिए छात्र संगठन इंडियन नेशनल स्टूडेंट आर्गेनाइजेशन (इनसो) आगे आया है। इनसो ने मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर व ई-मेल आईडी जारी की है। भारत में पढ़ने वाला कोई भी अफगानिस्तान का छात्र इनसो से सहायता मांग सकता है। इनसो अफगानी विद्यार्थियों को हरसंभव मदद मुहैया करवाएगी।
बुधवार को इनसो छात्र नेता बलराज देशवाल, राजेंद्र जैलदार, कार्तिक जांगड़ा, अंकित देशवाल ने पानीपत एसडीएम धीरज चहल के माध्यम से राज्यपाल, प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। इनसो छात्र नेताओं ने बताया कि देश व प्रदेश सरकार के समक्ष अफगानी विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति, रहने-खाने की व्यवस्था, वीजा एक्सटेंशन समेत कई मांगें रखते हुए हरसंभव मदद के लिए सरकार से आग्रह किया है। इनसो छात्र नेताओं ने कहा कि इस विषय में उनकी प्रदेश के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला से भी बातचीत हुई है। उन्होंने हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया है। इनसो ने अफगानी छात्रों की मदद के लिए 9813558650, 911722746021 हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। इस अवसर पर छात्र नेता बलराज देशवाल, राजेंद्र जैलदार, अंकित देशवाल, कार्तिक जांगङा, अमन उरलाना, जयदीप, सधाम आदि मौजूद थे