गांव बिंझौल में रविवार को सर्व जातीय पंचायत हुर्ह। जिसमें फैसला लिया गया कि अगर ब्लीच हाउस के पास रजवाहे में हत्या कर फेंके गए तीन बच्चों के सभी हत्या आरोपियों की गिरफ्तारी सोमवार तक नहीं हुई तो जीटी रोड जाम किया जाएगा। इसके साथ ही प्रशासन का घेराव होगा। ब्लीच हाउस में धागा लेने के गए छह बच्चों में से तीन बच्चों के शव रजवाहे में मिले थे। परिजनों ने आरोप लगाया था कि ब्लीच हाउस के मालिक समेत 12 लोगों ने बच्चों की हत्या की है। पुलिस ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली थी और बाद में मामले की जांच के लिए एसआईटी का भी गठन किया गया था, लेकिन अभी तक सभी आरोपी गिरफ्तार नहीं हो सके हैं। जिसके चलते गांव में पंचायत हुई। इस पंचायत में दिल्ली के पूर्व विधायक संदीप वाल्मीकि भी पहुंचे। उन्होंने कहा कि भाजपा के शासन में दबे कुचले लोगों को और दबाया जा रहा है। उन्हें न्याय नहीं दिया जा रहा है। प्रशासन ने एसआईटी तो बना दी, लेकिन उसने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की। ऐसे में पंचायत में सरकार को चेतावनी दी गई कि अगर प्रदेश सरकार ने न्याय नहीं दिलाया तो समाज के लोग प्रदेश की राजधानी के रास्ते भी जाम कर देंगे। इस अवसर पर एडवोकेट राजपाल, दरियाव सिंह, लाल सिंह,सीताराम, पालेराम कश्यप, नीरज कश्यप, पूर्व सरपंच हरपाल सिंह, सचिन वर्मा, ब्लॉक समिति सदस्य सोनू कश्यप आदि मौजूद रहे। इस पंचायत में यमुनानगर, करनाल और अंबाला से आए युवाओं ने न्याय के लिए लड़ने की बात की। गौरतलब है कि गौरतलब है कि सात जुलाई को गांव के अंकुश लक्ष्य व वंश का शव ब्लीच हाउस के बराबर में एक रजबाहे में मिला था।