समालखा। गढ़ी छाज्जू रोड स्थित दवा की बंद फैक्टरी में वीरवार को ताले तोड़कर दो विंडो एयरकंडीशनर, जेनरेटर सहित बिजली की मोटरों के पुर्जे चोरी कर लिए गए। फैक्टरी मालिक ने करीब 20 लाख रुपये के सामान की चोरी की बात कही है। समालखा थाना की पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
मॉडल टाउन समालखा के सुरेंद्र पाल ने बताया कि उसकी गढ़ी छाज्जू रोड पर प्लस केयर प्राइवेट लिमिटेड नाम फैक्टरी है। जिसमें पहले दवा बनती थी। यह पिछले डेढ़ वर्ष से बंद है। इस पर कोई चौकीदार नहीं था। वह बुधवार शाम पांच बजे फैक्टरी बंद कर अपने घर गया था। वह वीरवार सुबह अपने लड़के गुणजोत सिंह के साथ फैक्टरी में आया तो मुख्य द्वार का ताला टूटा मिला। उसने अंदर जाकर देखा तो एक कमरे का एल्युमिनियम का दरवाजा उतार रखा था। यहां से 15 हार्स पावर की तीन मशीनों के गियर बॉक्स और मशीनों के पुर्जे गायब मिले। 7.5 हार्स पावर का एक केनरेटर, तीन कोन ब्लेंडर, एक ब्लिस्टर मशीन का सामान, एक मास मिक्सर, एक फ्लैटबेड ड्रायर का समान, दो विंडो एसी, एक लिक्विड फिलिंग मशीन, 16 टैबलेट कंप्रेशन मशीन का सामान व इनके सहायक उपकरण समेत दो ड्रम एसएस एक हजार लीटर और एक ड्रम एसएस 500 लीटर चोरी मिला। इस सामान की कीमत करीब 20 लाख रुपये है। थाना समालखा के प्रभारी दीपक ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है।