फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Panipat News ›   panipat, do dukano se chori

इंसार बाहार में साइकिल शोरूम और कृष्णपुरा में कूरियर कार्यालय में चोरी

Thu, 09 Feb 2017 12:14 AM IST
panipat beuro
panipat beuro Updated Thu, 09 Feb 2017 12:14 AM IST
विज्ञापन
panipat, do dukano se chori
v - फोटो : amar ujala,panipat
शहर में आरएएफ व पुलिस की सुरक्षा के बाद भी चोरों के हौसले बुलंद हैं और सुरक्षा को धता बता पुलिस की नाक के नीचे से दो स्थानों पर लाखों रुपये की नकदी व अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। थाना शहर से महज पांच सौ मीटर दूर इंसार बाजार स्थित साइकिल शोरूम के शटर का ताला तोड़ नकदी सहित लाखों रुपये का सामान चोरी कर ले गए। वहीं किशनपुरा में जीटी रोड स्थित कूरियर कार्यालय का दरवाजा तोड़कर लाखों रुपये की नकदी व कीमती सामान चोरी कर लिया। पुलिस की नाक के नीचे चोरी की वारदातों के बावजूद पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। जबकि पुलिस रात भर जीटी रोड व बाजार में गश्त करने का दम भरती रही। रात के समय दो स्थानों पर हुई चोरियों की सूचना देने के बाद पुलिस व एफएसएल टीम पहुंची और घटनास्थल का जायजा ले साक्ष्य एकत्रित किए। पिछले एक माह के दौरान यार्न मार्केट में विधायक रोहिता रेवड़ी के पति समेत चोरी की 15 वारदात हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस किसी भी मामले का खुलासा नहीं कर पाई है।
विज्ञापन

पहली घटना
सेक्टर 13/17 निवासी राजू आनंद ने बताया कि उसकी इंसार बाजार में मदन साइकिल के नाम से दुकान है। दुकान के पीछे उनका शोरूम है। मंगलवार रात करीब साढ़े नौ बजे वह दुकान व गोदाम बंद कर घर चला गया था। वह सुबह करीब सवा नौ बजे दुकान पर पहुंचा तो दुकान का शटर बंद है, लेकिन दोनों ताले काटे गए हैं। शटर खोला, अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था। चोरों ने टेबल की दराज से 40 हजार रुपये, एक लैपटॉप व अन्य कीमती चोरी मिला और आसानी से शटर बंद कर फरार हो गए। चोरी की सूचना के बाद थाना शहर पुलिस व एफएसएल की टीम पहुंची। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए। पुलिस ने शोरूम मालिक के बयान के आधार पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन

रोज साथ ही ले जाते थे कैश
राजू आनंद ने बताया कि रोजाना होने वाली सेल को जाते समय साथ ही ले जाते थे। लेकिन उसको बुधवार को एक व्यापारी को चालीस हजार रुपये की पेमेंट करनी थी। इसलिए 40 हजार रुपये, जिसमें सभी नोट सौ-सौ रुपये के थे और दराज में रख दिए। वह सुबह आते ही पेमेंट करने के विचार में था, लेकिन चोरों ने रात को ही हाथ साफ कर दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन


घर जाने से पहले बंद कर देते हैं सीसीटीवी कैमरे
दुकान व शोरूम में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, लेकिन वे लोग रोजाना घर जाते समय सीसीटीवी कैमरे बंद कर जाते हैं। अगर सीसीटीवी कैमरे चालू होते तो चोर पहले सीसीटीवी कैमरे तोड़ते। इससे नुकसान का आंकड़ा ओर भी बढ़ जाता। क्योंकि बाजार में जितनी भी चोरियां हुई हैं, उन सभी में चोरों ने पहले सीसीटीवी कैमरे तोड़े हैं। दुकान मालिक ने बताया कि करीब दो साल पहले चोरों ने उनकी दुकान को निशाना बनाते हुए करीब 60 हजार रुपये चोरी कर ले गए थे। इनमें अधिकतर नोट 786 की सीरिज में थे। उन्होंने बताया कि चोर एक साल के दौरान बाजार में करीब आठ दुकानों को निशाना बना चुके हैं। लेकिन पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है।
दूसरी घटना
दरवाजा तोड़ 1.73 लाख रुपये व अन्य सामान चोरी
किशनपुरा में जीटी रोड स्थित फेडेक्स कूरियर के संचालक मुकेश कुमार ने बताया कि रात को करीब बारह बजे वे लोग कार्यालय बंद कर चले गए थे। सुबह साढ़े नौ बजे कार्यालय पहुंचे तो देखा कि शटर ठीक तरह से बंद है, लेकिन पीछे लकड़ी का दरवाजा टूटा हुआ है। चोर रात को दरवाजा तोड़ अंदर दाखिल हुए। गोदाम से होते हुए कार्यालय में पहुंचे। चोरों ने कार्यालय से 1 लाख 73 हजार रुपये नकद और 15 पार्सल चोरी कर ले गए। इन पार्सलों में आचार के डिब्बे, डोरमेट व अन्य कीमती सामान था। चोर कार्यालय में रखा कंप्यूटर एलसीडी व सीपीयू भी चोरी कर ले गए। जिसमें सारा डाटा था। कूरियर कार्यालय में चोरी की सूचना मिलने पर थाना चांदनी बाग प्रभारी जसपाल ढिल्लो, किशनपुरा चौकी प्रभारी एसआई राजेश व एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सीसीटीवी कैमरों का कंट्रोल रूम दिल्ली में
पुलिस का कहना है कि कूरियर कार्यालय में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं, लेकिन इनका कंट्रोल दिल्ली में है। दिल्ली स्थित कंट्रोल रूम से सीसीटीवी कैमरों की फुटेज निकलवाई जाएगी। जिसके आधार पर चोरों की पहचान करने का प्रयास किया जाएगा।
एक माह में 15वीं चोरी, सुराग किसी का नहीं
जिले में पिछले एक माह के दौरान शहरी विधायक रोहिता रेवड़ी के पति सुरेद्र रेवड़ी के कार्यालय सहित चोरी की 15 वारदातें घटित हो चुकी हैं। लेकिन पुलिस किसी भी वारदात का खुलासा नहीं कर पाई है। पुलिस का दावा है कि सुबह आठ से रात आठ बजे तक शहर में आरएएफ व पुलिस की सुरक्षा रहती है और रात के समय सभी क्षेत्रों में पुलिस गश्त करती है। बावजूद इसके चोरी की वारदातें नहीं थम रही। बढ़ती चोरी की वारदातें पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगा रही हैं।

दुकानदारों में माल को लेकर भय का माहौल
शहर में बढ़ रही चोरी की वारदातों के चलते दुकानदारों में भय का माहौल है। दुकानदारों का आरोप है कि पुलिस अपने कार्य को पूरी इमानदारी से नहीं करती। अगर पुलिस क्षेत्र में गश्त बढ़ा दें तो चोरी की वारदातों पर अंकुश लग सकता है, लेकिन पुलिस रात को थाना, चौकियों से बाहर निकलने तक की जहमत नहीं उठाती। यही कारण है कि चोर आसानी से अपने मंसूबों को अंजाम दे रफूचक्कर हो जाते हैं। पुलिस की कार्रवाई महज केस दर्ज करने तक सिमट चुकी है।


ये वारदातें घटित हुई
-07 जनवरी : जीटी रोड स्थित चौधरी मेडिकल स्टोर का शटर उखाड़ गल्ले से नकदी व अन्य सामान चोरी किया।
-07 जनवरी : रात उद्यमी आजाद सिंह से तमंचे के बल पर ब्राह्मण माजरा के पास से कार लूट ली थी। थाना इसराना पुलिस आज तक बदमाशों का सुराग नहीं लगा पाई।
-08 जनवरी : चौधरी मेडिकल स्टोर के साथ लगते मेडिकल स्टोर का शटर उखाड़ चोरी का प्रयास किया गया। लोगों के जाग जाने पर अपराधी भाग गया।
-09 जनवरी : यार्न मार्केट में शहरी विधायक रोहिता रेवड़ी के पति सुरेंद्र रेवड़ी के कार्यालय सहित छह दुकानों के शटर तोड़े।
-09 जनवरी : बस स्टैंड पर बस में चढ़ते समय सोनीपत के गांव बरोदा निवासी सुभाष का पर्स चोरी किया।
-12 जनवरी : मित्तल मेगा मॉल उद्यमी अजय गुप्ता की बाइक सवार तीन बदमाशों ने क्रेटा गाड़ी लूटी।
-12 जनवरी : सेक्टर 11 निवासी बलदेव खुराना के घर में घुसकर लूट का प्रयास किया गया। इन बदमाशों का भी पुलिस आज तक सूराग नहीं लगा पाई है।
-01 फरवरी : गांव राक्सेड़ा में सूने मकान से छह हजार रुपये नकद व जेवरात चोरी।
-03 फरवरी : समालखा की मयूर विहार स्थित मकान से 86 हजार रुपये नकद व सोने-चांदी के जेवरात चोरी।
-05 फरवरी : नागपाल कॉलोनी में चोरों ने घर में घुसकर तीन मोबाइल व 600 रुपये चोरी किए।

इंसार बाजार मदन साइकिल के गोदाम से शटर का ताला काटकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। मामले की जांच की जा रही है। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फूटेज खंगाली जाएगी, ताकि चोरों की पहचान कर उन्हें काबू किया जा सके। पुलिस क्षेत्र में लगातार गश्त कर रही है।
सुरेश कुमार, प्रभारी, थाना शहर।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें हर राज्य और शहर से जुड़ी क्राइम समाचार की
ब्रेकिंग अपडेट।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed