फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Panipat News ›   आढ़तियों ने घटना के विरोध में पौने दो घंटे स्टेट हाईवे किया जाम

आढ़तियों ने घटना के विरोध में पौने दो घंटे स्टेट हाईवे किया जाम

Wed, 25 Oct 2017 12:43 AM IST
Updated Wed, 25 Oct 2017 12:43 AM IST
विज्ञापन
आढ़तियों ने घटना के विरोध में पौने दो घंटे स्टेट हाईवे किया जाम

विज्ञापन
पानीपत/मतलौडा। सरकार के प्रधान सचिव की हिदायत के बाद भी थाना मतलौडा पुलिस ने धान के सीजन में मंडी में पुलिस सुरक्षा नहीं बढ़ाई। बेखौफ बाइक सवार दो बदमाश मंडी में मुनीम पर गोली चलाकर उससे करीब एक लाख रुपये लूट ले गए। पचास हजार रुपये मुनीम की जेब में होने के चलते बच गए। थाना पुलिस की अनदेखी पर आक्रोशित आढ़तियों ने मुनीम को साथ लेकर मंडी में धान की खरीद बंद कर पानीपत-जींद स्टेट हाईवे पर जाम लगा दिया। वे सब डीएसपी बली सिंह व थाना प्रभारी नरेंद्र दहिया को हटाने की मांग पर अड़े रहे। आढ़तियों का पुलिस को लेकर गुस्सा इतना था कि एसपी राहुल शर्मा को आढ़तियों को समझाने के लिए खुद मौके पर जाना पड़ा। आक्रोशित आढ़तियों को मनाने के लिए एसपी ने आरोपियों को 48 घंटे के अंदर पकड़कर उनके बीच लाने का आश्वासन दिया। एसपी ने आढ़तियों की मांग पर थाना प्रभारी नरेंद्र दहिया को तुरंत प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया। उनकी जगह इंस्पेक्टर राजेंद्र सिंह को थाना प्रभारी लगाया है।
मतलौडा अनाज मंडी में मंगलवार सुबह करीब सवा 11 बजे दो बदमाशों ने मुनीम रविंद्र के साथ मंडी में लूटपाट कर ली। आढ़तियों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। आरोप है कि थाना पुलिस सूचना देने के आधे घंटे देरी से पहुंची। तब तक बदमाश वारदात को अंजाम देकर बहुत दूर निकल गए। पुलिस ने बदमाशों को जल्द ही गिरफ्तार करने का दावा पेश किया, लेकिन पुलिस के हाथ खाली मिले। आढ़तियों का पहले की वारदातों व ऊपर से पुलिस के आधे घंटे देरी से आने पर गुस्सा फूट गया। आढ़तियों ने मंडी से धान की खरीदारी बंद कर दी और करीब 12 बजे पानीपत-जींद स्टेट हाईवे पर जाम लगा दिया। डीएसपी बली सिंह व थाना मतलौडा प्रभारी नरेंद्र दहिया जाम खुलवाने मौके पर पहुंचे, लेकिन आढ़तियों ने उनकी एक नहीं सुनी। एसपी राहुल शर्मा करीब डेढ़ बजे मौके पर पहुंचे। आढ़तियों ने डीएसपी बली सिंह व एसएचओ नरेंद्र दहिया के खिलाफ अपना गुस्सा निकाला। दोनों का मतलौडा क्षेत्र से तबादला करने की मांग की। एसपी ने शाम चार बजे तक दोनों का तबादला करने का भरोसा दिया। आढ़ती एसएचओ का तुरंत तबादला करने की मांग करने लगे।
विज्ञापन


इंस्पेक्टर राजेंद्र सिंह को आढ़तियों की मांग पर लगाया प्रभारी
आढ़तियों की एसपी के सामने मांग रखी कि मतलौडा थाने का प्रभारी इंस्पेक्टर राजेंद्र सिंह को लगाया जाएं। इसके अलावा मंडी में अस्थायी चौकी बैठाई जाए। आढ़तियों ने कहा कि आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार करने के साथ आढ़तियों के हथियारों के लाइसेंस बनाए जाएं। एसपी ने तुरंत प्रभाव से सब मांगे मंजूर की। एसपी ने कहा कि अगले 48 घंटे तक मुजरिम को गिरफ्तार कर मैं खुद उनके बीच लेकर आऊंगा।
विज्ञापन
विज्ञापन


एसपी आढ़तियों के साथ पैदल ही मंडी में मौके पर पहुंचे
एसपी आढ़तियों के साथ करीब आधे किलोमीटर पैदल ही अनाज मंडी में मौके पर पहुंचे और फिर थाने में पहुंचकर आढ़तियों के साथ बातचीत की। एसपी ने इसके बाद थाना स्टाफ के साथ बैठक की। एसपी ने आरोपियों की धरपकड़ को लेकर चार टीमों का गठन किया। जिसमें सीआईए वन, टू व थ्री और मतलौडा एसएचओ की टीम लगाई।

लोकल रूटों से डायवर्ट किए वाहन
मंगलवार दोपहर 12 बजे पानीपत जींद स्टेट हाईवे पर जाम लगने के बाद पुलिस लोगों की परेशानी को देखते हुए वाहनों को लोकल रास्तों से डायवर्ट कर दिया। जिसके चलते अनजान लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं कुछ लोगों का कहना है कि पुलिस ने ठेका लूट मामले में आरोपियों की धरपकड़ को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई।

इसी थाने से राजेंद्र सिंह लाइन हाजिर हुए थे, इसी का फिर चार्ज
हम बता दें कि करीब दो साल पहले इंस्पेक्टर राजेंद्र सिंह मतलौडा में प्रभारी थे। उन पर उस समय आरोप लगाया था कि एसएचओ ने नारा निवासी एक व्यक्ति से काफी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किया था। आरोप था कि एसएचओ ने करीब आठ लाख रुपये लेकर मादक पदार्थ की मात्रा मात्र सौ ग्राम दिखाई थी। जिसके चलते आरोपी को बहुत कम सजा होती। तत्कालीन एसपी ने शिकायत के आधार राजेंद्र सिंह के खिलाफ भ्रष्टाचार का मुकदमा दर्ज करा दिया था और पुलिस ने उनको गिरफ्तार कर लिया था। राजेंद्र सिंह की विभागीय जांच भी की गई। अब वे बहाल कर दिए गए हैं और फिलहाल पुलिस लाइन में कार्यरत थे।

मार्केट कमेटी ने सीजन शुरू होते ही मांगी थी सुरक्षा
मार्केट कमेटी सचिव चंद्रप्रकाश ने कहा कि जीरी सीजन शुरू होते ही उन्होंने डीसी, एएसपी व एसएचओ मतलौडा को पत्र लिखकर मंडी में पुलिस सहायता की मांग की थी। लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। उन्होंने पत्र अधिकारियों को भेज दिया था। अब मंडी में सुरक्षा की उनकी कोई जिम्मेदारी नहीं बनती। आढ़ती व किसानों का कहना है कि करोड़ों रुपये मार्केट फीस कमाने वाली कमेटी अपनी तरफ से गेट पर एक चौकीदार तक नहीं रख सकती। डीसी रेट पर सिजनली लगाए जाने वाले चौकीदारों को भी इस बार कमेटी द्वारा नहीं लगाया गया है।

हेलमेट पहने हुए थे दोनों बदमाश
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बदमाश मुंह पर काला कपड़ा बांधकर हेलमेट पहने हुए थे। एक आरोपी पौने 6 फुट लंबा मजबूत शरीर का बताया जा रहा है। बदमाश ने काले रंग की कमीज व नीले रंग की जींस पहनी हुई था और लाल रंग की बाइक पर आया था। आरोपी ने घटना को अंजाम देने के बाद हथियार व लूटे गए पैसों को पेट के पास कपड़ों में ठूंस कर भाग गया। घटना के दौरान बदमाश बाइक से नीचे नहीं उतरा। उसने पूरी वारदात बाइक पर बैठे-बैैठे ही अंजाम दी।

सीसीटीवी फुटेज देखने में जुटी पुलिस
पुलिस की चारों जांच टीमों ने पीड़ित मुनीम रविंद्र कुमार को साथ लेकर पहले पीएनबी बैंक के सीसीटीवी फुटेज खंगाली, लेकिन बदमाश बैंक के अंदर व बाहर कहीं दिखाई नहीं दिया। पुलिस को शक है कि बैंक के अंदर कोई दूसरा बदमाश है जो अपने साथी लुटेरे को सब जानकारी दे रहा था। पीएनबी के मैनेजर रामचंद्र कुमावत ने बताया कि पुलिस को सीसीटीवी दिखा दी है। पुलिस इसके बाद अन्य दुकानों के भी सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। समाचार लिखे जाने तक बदमाश का सुराग नहीं लग पाया।

डेढ़ माह से लगातार हो रही हैं वारदात
पिछले डेढ़ माह से कस्बे में हो रही लूटपाट व चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही। छह अक्तूबर को दुकान बंद कर थैले में बही खाते ले जा रहे एक दुकानदार को बाइक सवार दो बदमाशों रात करीब 10 बजे बाजार में पिस्तौल का बट मार कर रुपयों थैला समझकर ले भागे थे। 15 सितंबर को घी चीनी के थौक व्यापारी की दुकान का शटर तोड़कर दुकान से लाखों का घी चोरी कर लिया था। 30 सितंबर को इसी दुकान पर एक बार पिुर से घी चोरी कर लिया गया। 18 अक्तूबर की रात दस बजे दुकान से साइकिल पर घर जा रहे दुकानदार हुकमचंद को गोली मार दी। इसके तीन दिन बाद थिराना गांव के पास सुबह छह बजे ही शराब के ठेके से 8200 रुपये नकद, मोबाइल व शराब की दो पेटी लूट ले गए। पुलिस इनमें से किसी एक भी वारदात का खुलासा नहीं कर सकी।

प्रधान सचिव 18 को मंडी में आए थे
सूचना तकनीकी एवं नागरिक उड्डन विभाग के प्रधान सचिव देवेंद्र सिंह ने 18 अक्तूबर को मतलौडा व बापौली अनाज मंडी का दौरा किया था। उन्होंने उस वक्त मंडी में फैली अव्यवस्थाओं पर चिंता व्यक्त की थी। आढ़तियों ने आईएएस देवेंद्र सिंह के सामने मंडी में सुरक्षा के प्रबंध न होने पर चिंता व्यक्त की थी और उनसे प्रबंध करने की मांग की थी। प्रधान सचिव देवेंद्र सिंह ने प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा के प्रबंध तुरंत करने के आदेश दिए थे।



मतलौडा अनाज मंडी में मुनीम रविंद्र से एक लाख रुपये की लूटपाट हुई है। थाना मतलौडा पुलिस ने इसमें लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस की कई टीमें बदमाशों की धरपकड़ में लगी हुई है। आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
राहुल शर्मा, एसपी, पानीपत।


प्रधान सचिव की हिदायत के बाद भी मंडी में सुरक्षा नहीं, आढ़तियों ने पुलिस के विरोध में पौने दो घंटे स्टेट हाईवे रखा जाम, एसएचओ लाइन हाजिर
-मोटरसाइकिल सवार बदमाश एक लाख की नकदी लूट ले गए
-आढ़तियों ने पानीपत-जींद स्टेट हाईवे पर मतलौडा में लगाया जाम
-डीएसपी व एसएचओ को हटाने की मांग पर अड़े आढ़ती
-एसपी राहुल शर्मा ने मौके पर पहुंचकर आढ़तियों को समझाकर किया शांत
-आढ़तियों ने प्रधान सचिव देवेंद्र सिंह के सामने रखी थी सुरक्षा की मांग
फोटो-29 से 36 और 40 व 41
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें हर राज्य और शहर से जुड़ी क्राइम समाचार की
ब्रेकिंग अपडेट।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed