पानीपत। राज नगर स्थित परशुराम धर्मशाला में रविवार को ब्राह्मण महापंचायत का आयोजन किया गया। इसमें जिला ब्राह्मण सभा के प्रतिनिधियों ने जिला प्रधान रतन शर्मा काे फिर से पगड़ी पहनाकर उनका कार्यकाल पांच साल निर्धारित किया। वहीं गत दिवस समाज के कुछ लोगों द्वारा बनाए गए युवा जिलाध्यक्ष बिल्लू के मामले में एक 21 सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया। कमेटी उनके पद पर बने रहने को लेकर फैसला करेगी।
महापंचायत में वक्ताओं ने समाज को आगे ले जाने, संगठन मजबूत करने, समाज के पिछड़े लोगों को आगे लाने, आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को शिक्षित करने में योगदान देने पर जोर दिया। इधर 21 सदस्यीय कमेटी फैसला लेगी कि परशुराम धर्मशाला में बिल्लू को युवा जिलाध्यक्ष बनाए रखना है या नहीं। हालांकि संगठन में उन्हें पूरा मान सम्मान देने पर सर्वसम्मति बनी। रतन शर्मा ने कहा कि समाज ने उन्हें जो पगड़ी दी है, वे उसके मान सम्मान में कोई कमी नहीं आने देंगे। उन्होंने उनकी सहमति लिए बिना बिल्लू को युवा जिलाध्यक्ष बनाने पर आपत्ति जताई। इसे समाज काे दो फाड़ करने की शुरुआत बताया। जल्द ही ब्लाॅक स्तर पर पदाधिकारियों की घोषणा करने की बात कही। इस मौके पर पूर्व प्रधान महाबीर डिडवाड़ी, सुरेंद्र गौड़, बाबू राम कौशिक, कुलदीप कौशिक, देवेंद्र दत्ता, पूर्व पार्षद सुशील शर्मा, सतीश शर्मा, महेंद्र शर्मा, बलवान शर्मा, हिमांशु शर्मा, सतनारायण छदिया मौजूद रहे।