फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Panipat News ›   accidents, 11, ded, war, 250 injurd

हादसों में ग्यारह ने गंवाई जान, झगड़ों में 250 घायल

Tue, 14 Mar 2017 11:57 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो, पानीपत।
अमर उजाला ब्यूरो, पानीपत। Updated Tue, 14 Mar 2017 11:57 PM IST
विज्ञापन
accidents, 11, ded, war, 250 injurd
पानीपत - फोटो : पानीपत
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन

पानीपत। जिले में होली हादसों व झगड़ों के बीच मनी। अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसों में ग्यारह लोगों ने अपनी जान गंवाई। जबकि होली के रंगों के बीच हुए झगड़ों में चली लाठियों में करीब 250 लोगों को चोटें आई हैं। इनमें करीब दो दर्जन लोगों को रेफर किया गया है। झगड़ों में घायलों के अस्पताल पहुंचने का सिलसिला मंगलवार को भी जारी रहा। सिविल अस्पताल में मेडिकल करवाने वालों का तांता लगा रहा। बढ़ती भीड़ को देखते हुए इमरजेंसी में मेडिकल काटने के लिए तीन डॉक्टरों की ड्यूटी लगानी पड़ी। झगड़ों में घायल हुए लोगों को सरकारी अस्पताल के साथ-साथ निजी अस्पतालों में भी दाखिल करवाया गया है। हादसों में सात की मौत सड़क दुर्घटनाओं में हुई। वहीं एक एनआरआई की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इसके अलावा बुड़शाम में एक किशोरी ने फंदा लगा अपनी जान दे दी। तीन शवों की शिनाख्त नहीं हो पाई है। विभिन्न जगहों पर हुई घटनाओं की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिए हैं।


एनआरआई की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
गांव कुराना निवासी राजेंद्र जागलान (46) अपने दो बच्चों व पत्नी के साथ कनाडा में रहता था। वह होली पर 22 फरवरी को अपने गांव में परिजनों ने मिलने आया था। राजेंद्र जागलान के भाई सुभाष ने बताया कि रविवार की शाम को वह खेत से घर लौटा था। रात को अचानक उसकी छाती में दर्द हुआ। उसको उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आशंका जताई जा रही है कि राजेंद्र की मौत हृदय गति रुकने से हुई है। थाना मतलौडा पुलिस ने सोमवार को शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया। पुलिस का कहना है कि मौत के असल कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।
विज्ञापन



कार ने बाइक को मारी टक्कर, दो की मौत
सिवाह स्थित कार एजेंसी के पास सोमवार रात जीटी रोड पार कर रहे बाइक सवार दो लोगों को कार ने टक्कर मार दी। हादसे में सिवाह निवासी विनोद (27) की मौत हो गई। जबकि उसके कमरे पर किराये पर रहने वाला पवन गंभीर रूप से घायल हो गया। डॉक्टरों ने उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। रोहतक पीजीआई जाते समय पवन ने भी रास्ते में दम तोड़ दिया। बाइक सवारों को टक्कर मारने के बाद असंतुलित कार सड़क किनारे खंभे से जा टकराई। जिससे खंभे पर रखा ट्रांसफार्मर कार पर गिर गया। गनीमत रही कि इसमें कार सवार मेरठ निवासी दो दंपतियों व तीन बच्चे बाल-बाल बच गए। बताया जा रहा है कि दोनों परिवार माता वैष्णो देवी दर्शनों को गए थे। वापस लौटते समय सिवाह के पास यह हादसा हो गया। लोगों ने कार के शीशे तोड़कर उन्हें बाहर निकाला। घटना की सूचना पर पहुंची सेक्टर 29 चौकी पुलिस ने विनोद के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया। मंगलवार सुबह शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया, जबकि पवन के शव का पोस्टमार्टम रोहतक पीजीआई में करवाया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन



किशोरी ने फंदा लगा दी जान
मूलरूप से गांव भावड़ी, शामली, यूपी निवासी छोटी (14) बुड़शाम स्थित ईंट-भट्ठे पर अपनी मां व मामा के साथ रहती थी। रविवार की रात छोटी ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगा आत्महत्या कर ली। बड़े भाई अजीत ने बताया कि वह अपने पिता के साथ दिल्ली में किराए पर रहता है। उसके पिता राज मिस्त्री का काम करते हैं। मां सुमन, बहन छोटी और छोटा भाई सूरज करीब आठ माह पहले बुड़शाम स्थित ईंट-भट्ठे पर काम करने वाले उसके मामा तेजपाल के पास आए थे और ईंट-भट्ठे पर काम करने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सोमवार को शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया। किशोरी द्वारा फांसी लगाने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


ट्रक-पिकअप की टक्कर, चालक की मौत
उग्रा खेड़ी स्कूल के पास मोड़ पर रविवार देर रात ट्रक व पिकअप वैन की आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में पिकअप वैन चालक गांव छाजपुर खुर्द निवासी प्रेम सिंह (58) की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि प्रेम सिंह रात को छाजपुर से पानीपत की तरफ आ रहा था। जबकि ट्रक चालक पानीपत से शामली की तरफ जा रहा था। उग्रा खेड़ी स्कूल के पास मोड़ पर दोनों वाहनों की आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में पिकअप चालक प्रेम की मौत हो गई। ट्रक का एक्सल टूटने के कारण ट्रक चालक ट्रक को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। थाना चांदनी बाग पुलिस ने सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


ट्रैक्टर ने युवक को कुचला, मौत
शिवनगर निवासी कार्तिक (24) सोमवार सुबह अपने घर से दोस्तों के साथ खेलने के लिए निकला था। कार्तिक के पिता सुरेंद्र ने बताया कि शाम को अस्पताल से फोन आया कि उसका लड़का गंभीर अवस्था में दाखिल है। वहां पहुंचने पर पता लगा कि कार्तिक गांव के ही अजय नाक के युवक के साथ ट्रैक्टर पर गया था। बताया जा रहा है कि वह बोनट पर बैठा था। उझा रोड, सेक्टर 11/12 मोड़ के पास गड्ढे में ट्रैक्टर के उछलने से कार्तिक गिर पड़ा और ट्रैक्टर ने उसे कुचल दिया। थाना चांदनी बाग पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक शिवनगर निवासी अजय के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
होली के बाद करनी थी ज्वाइनिंग
कार्तिक तीन बहन-भाईयों में दूसरे नंबर पर था। उसका बड़ा भाई हर्ष लंबे समय से किडनी की बीमारी से पीड़ित है। छोटी बहन अभी स्कूल में पढ़ती है। घर पर कमाई की सारी जिम्मेदारी कार्तिक के कंधों पर ही थी। कार्तिक ने पॉलिटेक्निक की थी। होली के बाद उसकी गुरुग्राम स्थित मारुति कंपनी में ज्वाइनिंग थी, लेकिन ज्वाइनिंग से पहले ही हादसे में उसकी मौत हो गई।

साइकिल सवार की संदिग्ध मौत
मूलरूप से गांव मोहना, अमेठी, यूपी निवासी मिश्रा (43) गांव आसन कलां सुंदर नगर में पत्नी व छह बच्चों के साथ किराए के मकान में रहता था और खुखराना स्थित सीमेंट फैक्ट्री में काम करता था। बताया जा रहा है कि सोमवार को होली त्योहार पर वह बच्चों के लिए सामान खरीदने के लिए थर्मल बाईपास पर आया था। सामान खरीदकर वापस जा रहा था, अचानक सड़क पर गिर पड़ा और बेसुध हो गया। मौके पर पहुंची थर्मल चौकी पुलिस ने उसको सिविल अस्पताल पहुंचाया, डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असल कारणों का खुलासा हो पाएगा।

पेड़ से टकराई कार, एक की मौत तो दूसरा घायल
बापौली से आगे गोयला रोड पर सोमवार देर शाम कार पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार सवार गांव ददलाना निवासी केवल (23) की मौत हो गई, जबकि उसके छोटे भाई अजय को गंभीर चोटें आई हैं। केवल के चाचा जसबीर ने बताया कि केवल की दिसंबर माह में शादी हुई थी। उसकी पत्नी अपने मायके गई हुई थी। पत्नी को लाने के लिए वह अपने मौसा की कार लेकर आया था। वह सोमवार को कार वापस देने के लिए गांव गोयला खुर्द जा रहा था। कार में केवल के साथ उसका छोटा भाई अजय भी था। वह जब गोयला रोड पर पहुंचे तभी अचानक कार के सामने नीलगाय आ गई। नीलगाय को बचाने के प्रयास में कार सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को शहर के एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया। जहां केवल की मौत हो गई। अजय का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।

सड़क दुर्घटना में दो की मौत, शिनाख्त नहीं
जीटी रोड सिवाह स्थित श्याम फीलिंग स्टेशन के पास रविवार देर रात किसी वाहन की चपेट में आने से करीब 35 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। वहीं सोमवार देर रात सिवाह स्थित पर्ल ढाबे के सामने देर रात करीब 45 वर्षीय व्यक्ति का शव बरामद हुआ। शव की हालत देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि व्यक्ति की मौत किसी वाहन की चपेट में आने से हुई है। सेक्टर 29 चौकी पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के शव गृह में रखवा शिनाख्त के प्रयास तेज कर दिए हैं। पुलिस ने दोनों ही मामलों में अज्ञात वाहन चालकों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

फ्लाईओवर के नीचे मिला शव
वहीं मंगलवार सुबह बस स्टैंड के सामने फ्लाईओवर के नीचे करीब 25 वर्षीय युवक का शव मिला। मृतक के दाहिने हाथ पर हिंदी में करण लिखा हुआ है। सूचना पर पहुंची बस अड्डा चौकी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के शव गृह में रखवा शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए हैं।

गाना बदलने पर विवाद, तेजधार हथियार से हमला
शिवनगर निवासी अमित फोटोग्राफी का काम करता है। अमित ने बताया कि सोमवार शाम होली पर डीजे लाया गया था। डीजे पर गाना बदलने को लेकर उसका विक्रांत व कुछ अन्य के साथ झगड़ा हो गया। लोगों ने बीच-बचाव कर मामला निपटवा दिया था। अमित ने बताया कि मंगलवार सुबह वह पैदल जा रहा था। खन्ना रोड पर सोमबीर अस्पताल के पास विक्रांत समेत करीब आठ लोगों ने उस पर तेजधार हथियार व लोहे की रॉड से हमला कर दिया। लोग उसे बचाने आए तो हमलावर फरार हो गए। घायल अमित को सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया है। घटना की सूचना पुलिस को दे दी है। किशनपुरा चौकी पुलिस मामले की जंाच कर रही है।


झगड़ों में 250 लोगों को आई चोटें
जिले में अलग-अलग स्थानों पर होली पर हुए झगड़ों में करीब 250 लोगों को चोटें आई हैं। जिन्हें उपचार के लिए सरकारी व निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। सिविल अस्पताल पहुंचे घायलों में करीब 20 लोगों की गंभीर हालत देख खानपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया है। घायलों में भावना चौक निवासी अमित, डोढपुर निवासी रिंपल, ईदगाह कॉलोनी निवासी अमानत, मॉडल टाउन निवासी दर्शन लाल, खटीक बस्ती निवासी राजेश, राजकुमार, राहुल, कार्तिक, नीरज शामिल हैं। वहीं दोनों नहरों के बीच महिला से छेड़छाड़ का विरोध करने पर करीब आठ लोगों ने चंद्र, मंगत व रणजीत पर हमला कर घायल कर दिया। जिन्हें उपचार के लिए सिविल में दाखिल करवाया है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed