पानीपत। आर्य पीजी कॉलेज में शनिवार को वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया मुख्यातिथि रहे। को-ऑपरेटिव बैंक के सीएमडी ओपी शर्मा और कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के युवा व सांस्कृतिक विभाग के अधिकारी डॉ. हरविंद्र राणा विशिष्ट अतिथि रहे। अध्यक्षता आर्य कॉलेज प्रबंधक समिति के प्रधान सुरेंद्र शिंगला ने की। समारोह में वर्षभर शैक्षणिक, सांस्कृतिक, खेलकूद व राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 850 से अधिक विद्यार्थियों को ट्रॉफी व नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विद्यार्थियों ने हरियाणवी समूह नृत्य, मिमिक्री व रचनात्मक रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मुख्यातिथि डॉ. वीरेंद्र दहिया ने कहा कि शिक्षा केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन को दिशा देने, व्यक्तित्व निर्माण करने और राष्ट्र को सशक्त बनाने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासन, सकारात्मक सोच और निरंतर परिश्रम के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। प्राचार्य डॉ. जगदीश गुप्ता ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि महाविद्यालय ने इस वर्ष चेन्नई में आयोजित राष्ट्रीय युवा महोत्सव में समूह नृत्य, वन एक्ट प्ले, नॉन-परकशन व क्रिएटिव कोरियोग्राफी में प्रथम स्थान प्राप्त किया। कॉलेज पिछले 20 वर्षों से क्षेत्रीय युवा महोत्सव और 9 वर्षों से रत्नावली महोत्सव में ओवरऑल ट्रॉफी जीतकर अपनी सांस्कृतिक श्रेष्ठता सिद्ध कर रहा है। खेल क्षेत्र में भी 250 से अधिक खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में सफलता प्राप्त की है। प्रबंधक समिति के प्रधान सुरेंद्र सिंगल ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति विद्यार्थियों के कौशल विकास, नवाचार और सर्वांगीण उन्नति की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उप प्राचार्य डॉ. अनुराधा सिंह ने अतिथियों, शिक्षकों व प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रबंधक समिति के सदस्य निखिल शिंगला, अरुण आर्य, प्रदीप शिंगला, जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बुरा मौजूद रहे।