पानीपत। जिले में एड्स के रोगियों की संख्या में लगातार बढ़ रही है। जनवरी 2021 से एक मई 2022 तक एड्स के नए 263 मरीज मिले हैं। इनमें 197 पुरुष, 63 महिलाएं एवं तीन ट्रांसजेंडर शामिल हैं। पिछले लगभग 17 माह में 14385 लोगों ने एचआईवी जांच कराई है। जांच कराने के अनुपात में डेढ़ प्रतिशत लोग एचआईवी संक्रमित मिले हैं। अब जिले में एड्स के रोगियों की संख्या 1462 हो चुकी है। इनमें 781 पुरुष 530 महिलाएं, 99 बच्चे और नौ ट्रांसजेंडर शामिल हैं। पिछले एक साल में 18 हजार गर्भवतियों ने अपनी जांच कराई है। इनमें 20 गर्भवती एड्स रोगी मिली हैं। इन सभी रोगियों की सिविल अस्पताल में काउंसलिंग एवं इलाज चल रहा है।
स्वास्थ्य विभाग एड्स रोगियों को समाज की मुख्य धारा में जोड़ने के लिए तीन साल पहले एक पहल कर चुका है। स्वास्थ्य विभाग एचआईवी पॉजिटिव लड़के एवं लड़की का विवाह कराकर उन्हें मुख्यधारा में जोड़ रहा है। विभाग अब तक ऐसी चार शादी कराई जा है। स्वास्थ्य विभाग ने एचआईवी मैरिज डॉट कॉम के नाम से एक वेबसाइट शुरू की है। जिसमें एचआईवी पॉजिटिव अपना रजिस्ट्रेशन नंबर और अपनी एचआईवी की पूरी कंडीशन डालकर अपने लिए वर एवं वधु ढूंढ सकते हैं। इस वेबसाइट को एचआईवी पॉजिटिव लड़कों या लड़कियों के अलावा कोई और नहीं देख सकता है। शादी से पहले लड़के व लड़की की पूरी डिटेल उसके परिवार के साथ शेयर की जाती है। अब विभाग ने इसे आगे बढ़ाने की फैसला किया है।