नादानी: माता-पिता ने पिज्जा के लिए डांटा तो बच्चों ने गुल्लक तोड़ निकाले 65 हजार रुपये और निकल गए शिमला
शनिवार को सेक्टर-20 थाना क्षेत्र के रहने वाले दो बच्चों ने अपने माता-पिता से बिना पूछे ऑनलाइन पिज्जा ऑर्डर कर दिया। जब पिज्जा घर पहुंचा तो माता-पिता ने बच्चों को जमकर फटकार लगाई। माता-पिता के इस बर्ताव से बच्चों को गुस्सा आ गया।
विस्तार
माता-पिता को अपने बच्चों को पिज्जा के लिए डांटना महंगा पड़ गया। बच्चे गुस्से में आकर घर से 65 हजार रुपये लेकर शिमला घूमने निकल पड़े। सफर के दौरान बस में सवार एक महिला ने शक होने पर बच्चों को पूछताछ की तो उन्होंने अपने घर का पता पंचकूला सेक्टर-15 का दिया। महिला ने स्थानीय पुलिस चौकी में संपर्क कर बच्चों के बारे में रात करीब 12 बजे पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने शनिवार की पूरी रात बच्चों के माता-पिता की तलाश की। रविवार सुबह बच्चों के माता-पिता के बारे में पता चला। इसके बाद बच्चों के माता-पिता से वीडियो कॉल से बात करवाई गई। माता-पिता ने बच्चों की पहचान कर उनको लेने शिमला निकल पड़े।
दरसअल शनिवार को सेक्टर-20 थाना क्षेत्र के रहने वाले दो बच्चों ने अपने माता-पिता से बिना पूछे ऑनलाइन पिज्जा ऑर्डर कर दिया। जब पिज्जा घर पहुंचा तो माता-पिता ने बच्चों को जमकर फटकार लगाई। माता-पिता के इस बर्ताव से बच्चों को गुस्सा आ गया और दोनों ने घर से भागने की योजना बनाई। दोनों बच्चों की उम्र 7 और 11 साल है। दोनों ने अपने स्कूल बैग खाली कर उसमें अपने कपड़े डाले और गुल्लक तोड़कर करीब 65 हजार रुपये निकाल लिए। इसके बाद शनिवार देर शाम दोनों बच्चे बस में बैठकर शिमला के लिए निकल गए।
छोटे बच्चों को अकेले देख महिला को हुआ शक
शनिवार रात करीब 11 बजे बस में सफर कर रही महिला को शक हुआ कि इतने छोटे बच्चों के साथ कोई भी नहीं है। वे अकेले सफर कर रहे हैं। महिला ने बच्चों से प्यार से पूछा तो उन्होंने बताया कि वे घर से माता-पिता को बिना बताए शिमला जा रहे हैं। महिला ने बच्चों से घर का पता पूछता तो उन्होंने सेक्टर-15 पंचकूला का बताया।
रात करीब 12 बजे महिला ने ऑनलाइन नंबर सर्च कर सेक्टर-15 पुलिस चौकी इंचार्ज नेहा संधु से बात की और उन्हें बच्चों के बारे में जानकारी दी। चौकी इंचार्ज दिए मकान नंबर पर पहुंची, लेकिन बच्चों का पता गलत निकला। इसके बाद महिला से चौकी इंचार्ज ने संपर्क किया और बताया कि बच्चों द्वारा दिया गया पता सही नहीं है। इसके बाद महिला ने दोबारा बच्चों से उनके घर का पता पूछा, लेकिन बच्चे बार-बार अपना पता बदल रहे थे।
पूरी रात मशक्कत के बाद बच्चों के बारे में पता चला
चौकी इंचार्ज नेहा संधु ने देर रात आसपास के एरिया में बच्चों के बारे में पता करना शुरू किया। इस बीच पुलिस ने महिला को शिमला पुलिस से संपर्क करने को कहा। महिला ने शिमला पुलिस से संपर्क किया। सूचना पाकर शिमला पुलिस व चाइल्ड प्रोटेक्शन ऑफिसर बच्चों के पास पहुंचे। इस दौरान चौकी इंचार्ज ने सोशल मीडिया का सहारा लिया।
इसके बाद सुबह उनके किसी जानकार ने बताया कि दो बच्चे सेक्टर-20 थाना क्षेत्र के शनिवार शाम से लापता हैं। इसके बाद चौकी इंचार्ज ने माता-पिता से संपर्क किया और शिमला से रविवार सुबह बच्चों के माता पिता से वीडियो कॉल पर बात करवाई। बच्चों की पहचान होने के बाद परिजन उन्हें लेने के लिए शिमला रवाना हो गए।
12 घंटे तक बच्चों के माता-पिता रहे परेशान
बच्चों के अचानक घर से लापता होने के बाद, बच्चों के माता-पिता ने पहले आसपास और पड़ोस में बच्चों के बारे में पता किया, लेकिन पता नहीं चला। उसके बाद रिश्तेदारों को फोन घुमाना शुरू किया। वहां से भी बच्चों की कोई खबर नहीं मिली। सुबह पुलिस ने मामले की सूचना माता-पिता को दी।