गठबंधन सरकार की सौ दिनों की उपलब्धियों पर छिड़ी सियासी बहस, पढ़ें- किसने क्या कहा
हरियाणा में गठबंधन सरकार के सौ दिन पूरे होने के बाद जहां एक ओर अपनी उपलब्धियों को लेकर प्रदेश सरकार खासी उत्साहित है। वहीं विरोधियों ने भी इन उपलब्धियों पर सरकार को निशाने पर लिया हुआ है। सरकार की सौ दिन की इन्हीं उपलब्धियों पर प्रदेश में सियासी संग्राम छिड़ा हुआ है। विपक्ष जहां सरकार को घेरने में लगी है, तो वहीं पक्ष के नेता भी विरोधियों को जवाब दे रहे हैं।
गठबंधन सरकार की 100 दिन की उपलब्धियों में कुछ भी खास नहीं: अभय
चंडीगढ़। इनेलो के विधायक चौधरी अभय सिंह चौटाला ने कहा कि सीएम मनोहर लाल ने गठबंधन सरकार के 100 दिनों की जिन उपलब्धियों का उल्लेख किया है, उनमें से एक भी ऐसी बात नहीं है, जिस पर हरियाणा की जनता खुश हो सके। सरकार ने 100 दिन में केवल मात्र झूठे वादे करने के अलावा जनहित में कोई भी ऐसा काम नहीं किया है जिसका उल्लेख किया जा सके।
अभय ने कहा कि गठबंधन सरकार ने हरियाणा की जीवन रेखा एसवाईएल का जिक्र तक नहीं किया। धरातल पर गठबंधन की सरकार ने कोई भी जनहितैषी काम नहीं किया। गठबंधन सरकार में मंत्री कहते हैं कि धान घोटाला नहीं हुआ जबकि सरकार के अतिरिक्त मुख्य सचिव कहते हैं कि धान घोटाला हुआ है। यदि उक्त अधिकारी झूठ बोल रहे हैं तो उन पर कार्रवाई करनी चाहिए।
सैलजा, सुरजेवाला को नकार चुकी जनता, नहीं दिख रही उपलब्धियां: विज
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष कुमारी सैलजा और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी रणदीप सुरजेवाला ने भी हरियाणा सरकार की 100 दिन की उपलब्धियों को खोखला करार दिया है। इस पर पलटवार करते हुए गृहमंत्री अनिल विज ने कहा कि गठबंधन सरकार की 100 दिनों की उपलब्धियों को घोटाले बताने वाली कुमारी सैैलजा व सरकार को इंजन फेलियर-फ्लैट टायर बताते वाले रणदीप सुरजेवाला दोनों को प्रदेश की जनता नकार चुकी है। इसलिए उन्हें अब कोई उपलब्धि नजर नहीं आती।
विज ने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस की पूरे देश से छुट्टी हो चुकी है। पीएम मोदी को डंडे से मारने के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए विज ने कहा कि सदन के अंदर और बाहर कांग्रेस का रवैया आज पूरा देश जनता है, क्योंकि डंडों की बात राहुल गांधी कर रहे हैं पीएम ने आज तक ऐसी बात नहीं कि।
प्रदेश सरकार ने 100 दिन ऐतिहासिक : दुष्यंत
चंडीगढ़। हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि प्रदेश सरकार ने 100 दिन के कार्यकाल में अनेक एतिहासिक निर्णय लिए हैं। प्रत्येक वर्ग को मूलभूत सुविधाएं प्रदान करने के प्रयास किए गए हैं। दुष्यंत ने कहा कि जननायक जनता पार्टी द्वारा प्रदेश की जनता से किया गया एक और बड़ा वादा पूरा करने की दिशा में बीजेपी-जेजेपी गठबंधन सरकार ने ऐतिहासिक कदम उठाया है।
जेजेपी द्वारा विधानसभा चुनाव में जारी किए गए ‘जन सेवा पत्र’ (घोषणा पत्र) के मुताबिक संत रविदास जी का कुरुक्षेत्र जिले में सबसे बड़ा भव्य मंदिर बनाने के वादे पर प्रदेश की बीजेपी-जेजेपी गठबंधन सरकार ने बड़ा निर्णय लिया है। प्रदेश सरकार संत रविदास जी का धाम धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में बनाने जा रही है। यह मंदिर विश्व का सबसे बड़ा संत रविदास मंदिर होगा और इसके निर्माण के लिए प्रदेश सरकार ने पांच एकड़ जमीन देने का निर्णय लिया है।