चंडीगढ़ः ज्वैलरी शॉप से 50 लाख के गहने उड़ाए, सीसीटीवी में हेलमेट पहने दिखा चोर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चंडीगढ़ के सेक्टर-23 स्थित रीवा ज्वैलर्स मैन्युफैक्चर एंड रिटेलर शॉप से चोरों ने करीब 50 लाख रुपये के सोने व डायमंड के गहने उड़ा लिए। हेलमेट पहना एक आरोपी सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गया है। वारदात शुक्रवार सुबह 5.15 बजे की है। सेक्टर-17 थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ चोरी की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
शक है कि दुकान में काम करने वाले वर्कर इस वारदात में शामिल हो सकते हैं। सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने शॉप में काम करने वाले दो वर्करों को हिरासत में लिया है जबकि अन्य संदिग्धों को पकड़ने के लिए पुलिस टीमें पंजाब के अलग-अलग शहर रवाना हो गई हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
सेक्टर-23 सी मार्केट स्थित एससीओ नंबर (34) के सेकेंड फ्लोर में रीवा ज्वैलर्स मैन्युफैक्चर एंड रिटेलर के नाम से शॉप है। राजपुरा के गुरु तेग बहादुर कालोनी निवासी शॉप के मालिक पिंटू मेड्डा रोजाना की तरह 13 जून की रात करीब 8 बजे शॉप बंद कर घर चले गए। दुकान की चाबी उनके पास थी।
अगली सुबह 10.40 बजे शॉप खोलने पहुंचे तो मेन शटर समेत अंदर के दरवाजे का ताला खुला हुआ था। उन्होंने इसकी जानकारी अपने पार्टनर रूपक मलिक को फोन पर दी। मौके पर पहुंचकर उन्होंने जब चेक किया तो करीब 50 लाख रुपये के सोना और डायमंड के गहने गायब थे। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। हालांकि अभी तक शिकायतकर्ता ने पुलिस को गहनों की लिस्ट उपलब्ध नहीं करवाई है।
फोरेंसिक टीम ने लिए फिंगर प्रिंट
वारदात की सूचना पर डीएसपी कृष्ण कुमार और थाना प्रभारी जसपाल सिंह भुल्लर टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मालिकों की शिकायत पर चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर शॉप पर काम करने वाले वर्कर्स और आसपास के लोगों से पूछताछ कर जांच आगे बढ़ाई गई। साथ ही सीएफएसएल टीम ने मौके से फिंगर प्रिंट जुटाए।
चोर ने पहन रखा था हेलमेट
वारदात के बाद घटनास्थल और आसपास के एरिया में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए तो बिल्डिंग की सीढ़ियों पर लगे कैमरे की फुटेज में शुक्रवार सुबह करीब सवा पांच बजे हेलमेट लगाए हुए एक व्यक्ति (सफेद पैंट और शर्ट पहने हुए) शटर उठाकर सीढ़ियों पर चढ़ा। पहले तो उसने बिजली की पावर काटी फिर सेकेंड फ्लोर पर चला गया। हेलमेट के साथ उसने दस्ताने भी पहने हुए थे।
सभी आरोपी ऑटो से हुए फरार
आरोपी के पास शटर, चैनल दरवाजे और दराज की चाबी पहले से ही थी। ऐसे में कयास लगाया जा रहा है कि आरोपी ने वारदात को अंजाम देने के लिए पहले से रेकी की होगी। करीब 15/20 मिनट के बाद आरोपी पीठ पर बैग लादे नीचे उतरा और मेन रोड की ओर किसी को अपनी ओर आने का इशारा किया।
इसके बाद एक ऑटो आकर उसके पास रुका, जिसमें दो लोग पहले से बैठे थे। तीनों ऑटो में बैठकर फरार हो गए। एससीओ नंबर 35 के पास लगे एक सीसीटीवी फुटेज में सभी आरोपी कैद हुए हैं।
बीते माह भी हुई थी ज्वेलरी शोरूम में लूट
बीते माह सेक्टर-44 स्थित दीवा ज्वैलर्स के मालिक को बंधक बनाकर करीब साढ़े तीन करोड़ के गहने बदमाश लूटकर फरार हो गए। आरोपियों की फुटेज भी कैद हुई। वहीं बीते वर्ष सेक्टर-33 में कोल्ड स्टोर के मालिक अजीत जैन के परिवार को बंधक बनाकर करीब डेढ़ करोड़ के गहने आरोपी लूटकर फरार हो गए। दोनों ही मामले अब तक अनसुलझे हैं।
मामला संज्ञान में आने के बाद केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों को पकड़ने के लिए टीमें रवाना हो गई हैं। जल्द ही केस को सुलझा लिया जाएगा। -चरणजीत सिंह विर्क, डीएसपी, पीआरओ