पंजाब विधानसभा में बैठने की व्यवस्था में बदलाव, सभी पत्रकारों का होगा कोरोना टेस्ट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब विधानसभा का 28 अगस्त को बुलाया गया एक दिवसीय सत्र भी कोविड-19 संकट और उसके तहत लागू बंदिशों से प्रभावित हुए बिना नहीं रह सकेगा। सदन में कार्यवाही के दौरान माननीय न तो किसी दूसरे की सीट पर जाकर बातचीत कर सकेंगे और न ही विपक्ष को वेल में एकसाथ आकर विरोध दर्ज कराने का मौका मिल सकेगा। और तो और, एक-दूसरे का हाथ पकड़कर वेल में सुरक्षा दीवार बनाने वाले मार्शल के लिए भी सोशल डिस्टेंसिंग का नियम प्रभावी रहेगा।
कोविड-19 संकट के कारण इस बार स्पीकर के निर्देश पर सदन में दो सदस्यों के बैठने योग्य बेंचों पर 1-1 सदस्य के ही बैठने की व्यवस्था होगी। इस तरह सभी सदस्यों के बीच कम से कम दो गज की दूरी बनी रहेगी। विपक्षी बेंचों पर भी यही नियम लागू होगा और प्रत्येक बेंच पर केवल एक सदस्य ही बैठेंगे।
सदन की कार्यवाही के दौरान विपक्षी सदस्य इस बार सरकार के किसी फैसले के विरोध में वेल में नहीं आ सकेंगे और सामाजिक दूरी का पालन करते हुए उन्हें अपनी बेंच से ही विरोध प्रकट करना होगा। इस तरह मार्शल द्वारा सुरक्षा दीवार बनाने की भी जरूरत नहीं पड़ेगी और सभी सदस्य व कर्मचारी कोविड संबंधी सुरक्षा नियम का पालन कर सकेंगे।
जानकारी के अनुसार प्रत्येक बेंच पर केवल एक सदस्य के बैठने की व्यवस्था के तहत अग्रिम पंक्ति के कई सदस्यों को पिछली सीटों पर जगह मिल रही है, जिसे ध्यान में रखते हुए विधानसभा सचिवालय द्वारा संबंधित दलों को पत्र भेजकर उनकी राय मांगी गई है। दरअसल, अकाली दल और आम आदमी पार्टी के सदस्यों के साथ इन पार्टियों के कई बागी सदस्य भी बैठते हैं और सीटिंग व्यवस्था में परिवर्तन के चलते कई बागी अगली कतार की बेंचों पर आ रहे हैं। इससे संबंधित पार्टियों को आपत्ति है।
उधर, स्पीकर की ओर से इस एक दिवसीय सत्र के लिए कई पाबंदियों का एलान करते हुए विधानसभा परिसर और सदन में प्रवेश करने वाले सभी माननीयों और अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों के लिए कोरोना टेस्ट कराना अनिवार्य कर दिया है। मौजूदा समय में राज्य सरकार के कई मंत्री और अधिकारी कोरोना पॉजिटिव होने के कारण एकांतवास में हैं। इसके कारण सदन में कई सीटें खाली दिखाई देंगी और कार्यवाही के दौरान गहमागहमी वाला नजारा इस बार नहीं दिखाई देगा।
सभी पत्रकारों का होगा कोरोना टेस्ट
कोविड-19 के मद्देनजर सभी सुरक्षा सावधानियों का पालन करते हुए पंजाब विधानसभा के स्पीकर राणा केपी सिंह ने 15वीं विधानसभा के 12वें सत्र की प्रेस कवरेज के लिए पंजाब भवन सेक्टर-3 चंडीगढ़ को सदन का परिसर घोषित करने संबंधी नोटिफिकेशन जारी किया है। यह फैसला सोमवार को विधानसभा स्पीकर के नेतृत्व में हुई मीटिंग के दौरान लिया गया।
स्पीकर ने बताया कि सत्र की कवरेज करने वाले सभी पत्रकारों के लिए कोविड-19 टेस्ट कराना अनिवार्य है। पत्रकारों को टेस्ट करवाने की सुविधा देने के लिए पंजाब भवन सेक्टर-3 में 25-26 अगस्त को दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक विशेष कैंप लगाया जाएगा। केवल निगेटिव रिपोर्ट वाले पत्रकारों को ही पंजाब भवन में दाखिल होने की आज्ञा होगी।
मीटिंग के बाद पंजाब विधानसभा के प्रवक्ता ने बताया कि पंजाब भवन के हॉल के बाहर प्रत्येक टीवी चैनल के सिर्फ एक कैमरामैन और एक पत्रकार को कवरेज करने की आज्ञा होगी, जहां से सत्र का सीधा प्रसारण किया जाएगा। हॉल के भीतर कोई भी कैमरा/मोबाइल फोन ले जाने की आज्ञा नहीं होगी। पंजाब विधानसभा सदस्य पंजाब भवन के खुले क्षेत्र में प्रेस कॉन्फेंस कर सकते हैं। एक संस्था के सिर्फ एक पत्रकार को कवरेज करने की आज्ञा है।