कोरोना वायरस : पंजाब में 38 की मौत, 2587 पॉजिटिव मिले, एसजीपीसी ने सभी कार्यक्रम टाले
- पंजाब में 1800 लोगों के कटे चालान, 7 मामले भी दर्ज
- उधर, पंजाब पुलिस ने लोगों को बांटे 12000 फेस मास्क
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब में कोरोना से लगातार दूसरे दिन शनिवार को 38 मौतें हुईं। संक्रमण के 2587 नए मामले मिले। संक्रमण का प्रसार रोकने के लिए सरकार की तरफ से लगाई पाबंदियों को ध्यान में रखते हुए शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने श्री गुरु तेग बहादुर जी के 400वें प्रकाश पर्व को लेकर श्री आनंदपुर साहिब में 24 से 28 मार्च तक होने वाले सभी धार्मिक समागम 31 मार्च तक स्थगित कर दिए हैं। हालांकि, होला-मोहल्ला पर धार्मिक समागम निर्धारित समय पर ही होंगे। भारतीय किसान यूनियन एकता उगराहां के अध्यक्ष जोगिंदर सिंह उगराहां की रिपोर्ट भी कोरोना पॉजिटिव आई है।
सूबे में अब तक 6280 मौतें
शनिवार को जालंधर 11, अमृतसर व होशियारपुर 4-4, गुरदासपुर व पटियाला 3-3, बरनाला, कपूरथला, लुधियाना, मोगा, संगरूर व तरनतारन में 2-2, फाजिल्का के एक मरीज की जान गई। 16988 सक्रिय मरीजों में 287 ऑक्सीजन और 25 वेंटिलेटर सपोर्ट पर हैं।
मोहाली में मिले सबसे ज्यादा नए केस
मोहाली 385, जालंधर 380, लुधियाना 329, पटियाला 256, होशियारपुर 238, अमृतसर 195, कपूरथला 182, नवांशहर 129, गुरदासपुर 127, बठिंडा 61, मुक्तसर 47, तरनतारन 46, फतेहगढ़ साहिब 37, संगरूर 34, मोगा 28, पठानकोट 25, फाजिल्का 24, फिरोजपुर 21, फरीदकोट 20, बरनाला 12, मानसा 9 और रोपड़ में 2 नए संक्रमित मिले।
मास्क न पहनने वाले 4400 लोगों का पुलिस ने करवाया कोरोना टेस्ट
पंजाब पुलिस की साझा टीमों ने मास्क पहनने का उल्लंघन करने वाले 4400 से अधिक लोगों को आरटीपीसीआर टेस्ट करवाने के लिए भेजा। इसके अलावा मास्क न पहनने वाले 1800 लोगों के चालान काटे। इस दौरान पुलिस ने 12000 से अधिक लोगों को मुफ्त फेस मास्क भी बांटे।
बता दें, शुक्रवार को ही मुख्यमंत्री ने पुलिस और स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिए थे कि वे सार्वजनिक स्थानों पर और सड़कों-गलियों में बिना मास्क घूमने वाले लोगों को नजदीकी आरटीपीसीआर जांच केंद्र में ले जाएं और उनकी कोविड संबंधी जांच कराएं। शनिवार को उल्लंघन करने वाले जालंधर ग्रामीण में 800 और एसबीएस नगर में 154 लोगों के आरटीपीसीआर टेस्ट करवाए गए हैं। डीजीपी ने कहा कि कोविड नियमों का उल्लंघन करने वाले सात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई हैं।