पुलिसवाले की धमकी से थाने में ही मर गया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरियाणा के सोनीपत में दहेज प्रताड़ना के एक मामले में महिला थाने बुलाया गया एक वृद्ध पुलिस की डांट-डपट नहीं झेल पाया। पुलिस के एक एएसआई ने सनपेड़ा गांव के वृद्ध रामकुंवार को धमकाया कि ...चड्ढी उतारकर अंदर बैठाता हूं। आरोप है कि इतना सुनते ही बुजुर्ग को दिल का दौरा पड़ गया और उसकी थाने में ही मौत हो गई।
व्यक्ति की एकाएक मौत से थाने में हड़कंप मच गया। पुलिस कर्मी और अधिकारी जहां अपने साथी एएसआई के बचाव में आ गए, वहीं परिजनों ने इसके लिए पुलिस द्वारा वृद्ध से की गई बदतमीजी को जिम्मेदार ठहराया है।
वृद्ध के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में रखा गया है। पुलिस के आला अधिकारी मामले की जांच की बात कह रहे हैं।
थाने में चल रही थी दोनों पक्षों की पंचायत
सुषमा पुत्री रामकिशन ने अपने पति राजेश निवासी सनपेड़ा के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कराया था। राजेश के अलावा उसके पिता रामकुंवार, मां, जेठ अनिल और जेठानी को भी आरोपी बनाया था। इस मामले में महिला थाने में बुधवार को पंचायत बुलाई गई थी। दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे थे और मामले को अपने हिसाब से निपटाने का प्रयास कर रहे थे।
पुलिस अधिकारी भी पंचायत में शामिल थे। पंचायत चलते हुए अभी आधा घंटा ही हुआ था कि लड़की पक्ष ने समझौते के लिये 7 लाख रुपये की मांग की। इसका समर्थन पुलिसकर्मियों ने भी किया। परिजनों का आरोप है कि इसी दौरान एक एएसआई रामफल ने रामकुंवार से यह कहा कि पैसे तो देने ही पड़ेंगे, नहीं तो अभी चड्ढी उतारकर अंदर बैठाता हूं।
आरोप है कि पुलिस कर्मियों ने रामकुंवार के साथ अन्य तरीके से भी बदतमीजी की। आरोप है कि पुलिस की इस बदतमीजी से आहत होकर रामकुंवार को दिल का दौरा पड़ गया और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
मचा हड़कंप, शव को उठवाया
थाने में सनपेड़ा के रामकुंवार की अचानक मौत से हड़कंप मच गया। पुलिस वालों के जहां हाथ-पांव फूल गए, वहीं परिजन भी अपने मुखिया की मौत से सन्न रह गए।
आरोप है कि रामकुंवार को उठाकर अस्पताल में ले जाने की बजाय, पुलिस कर्मियों ने परिजनों से परिजनों से कहा कि जल्द से जल्द से इसे यहां से उठाकर ले जाओ। पुलिस ने थाने में परिजनों पर दबाव बनाया कि चुपचाप अंतिम संस्कार कर दो। परिजन पुलिस की धौंस में नहीं आए और देर शाम को रामकुंवार का शव सामान्य अस्पताल लेकर पहुंचे।
डीएसपी अजीत सिंह का कहना है कि दहेज प्रताड़ना के मामले में दोनों पक्षों को महिला थाने में बुलाया गया था। इसी दौरान रामकुंवार की मौत हो गई। अगर परिजन किसी पुलिस कर्मी के खिलाफ शिकायत देते हैं तो उचित कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच की जा रही है, शव को पोस्टमार्टम के लिये सामान्य अस्पताल में रखवाया गया है।