{"_id":"58060329d46c1b47377f18d04be3fbd4","slug":"stopped-way-for-demand-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"देरी पर भड़कीं महिलाएं, लगाया जाम ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
देरी पर भड़कीं महिलाएं, लगाया जाम
ब्यूरो/अमर उजाला, नारनौल
Updated Thu, 25 Dec 2014 12:11 AM IST
विज्ञापन
एक महीने के लंबे इंतजार के बाद बुधवार की सुबह महिलाएं भूखी-प्यासी नलबंदी का ऑपरेशन कराने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंची। यहां उन्हें ऑपरेशन की बात कहकर इंजेक्शन भी लगा दिया गया। इसके बाद महिलाएं चिकित्सक के आने की राह देखती रहीं लेकिन दोपहर तक किसी चिकित्सक के न पहुंचने पर उनका सब्र जवाब दे गया। गुस्साई महिलाओं ने नारेबाजी करते हुए हिसार-जयपुर राजमार्ग पर जाम लगा दिया। इस दौरान करीब एक घंटे तक सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। मौके पर पहुंचे स्वास्थ्य अधिकारी ने शनिवार को कैंप लगाकर ऑपरेशन का आश्वासन देकर जाम खुलवाया।
विज्ञापन
बता दें कि तीन माह से इस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर किसी महिला का नलबंदी का आपॅरेशन नहीं किया गया है। स्वास्थ्य विभाग की आशा वर्करों ने अपने क्षेत्र की महिलाओं को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर 24 दिसंबर को नलबंदी ऑपरेशन कैंप लगाए जाने की जानकारी दी थी। इसी सूचना के आधार पर बुधवार की सुबह 9 बजे महिलाएं अस्पताल पहुंच गई। यहां 30 महिलाओं ने अपना रजिस्ट्रेशन करवाया। रजिस्ट्रेशन करवाने के बाद स्वास्थ्य कर्मी एलएमओ ने विभिन्न जांच करके महिलाओं को इंजेक्शन भी लगा दिया।
विज्ञापन
इसके बाद महिलाएं ऑपरेशन के लिए बारी का इंतजार करने लगीं। लेकिन काफी देर बाद उनके पूछने पर जानकारी दी गई कि अभी सर्जन चिकित्सक नहीं आए हैं उनके आने पर ही आपॅरेशन किया जाएगा। इसके बाद महिलाएं सर्जन चिकित्सक का इंतजार करने लगी लेकिन दोपहर तक चिकित्सक के न पहुंचने पर वे भड़क गईं। उनका कहना था कि जब ऑपरेशन नहीं करने थे तो इंजेक्शन क्यों लगाएं गए। इस बारे में अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों का कहना था कि इस इंजेक्शन का कोई साइड इफेक्ट नहीं है।
विज्ञापन
गुस्साई महिलाएं अस्पताल के बाहर हिसार-जयपुर मार्ग को जाम कर सड़क पर बैठ गई। इन महिलाओं का कहना था कि विभागीय निर्देशानुसार बिना खाना खाए घर से आई हैं। उनके साथ बच्चे भी परेशान रहे। नलबंदी के लिए पिछले तीन महीने से अस्पताल के चक्कर लगा रहे हैं। उन्हें अगले महीने का भरोसा देकर वापस भेज दिया जाता है। आज भी इंजेक्शन लगा दिए लेकिन सर्जन ऑपरेशन के लिए अस्पताल में नहीं पहुंचे।
शनिवार को हर हाल में लगेगा कैंप
जाम की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और जाम खुलवाने का प्रयास किया। लेकिन महिलाओं का कहना था कि जब तक डीसी या स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौके पर नहीं आते, तब तक जाम नहीं खुलेगा। इसके बाद सीएचसी इंचार्ज डॉ. बिक्रम सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने हर हाल में शनिवार को कैंप लगाने की बात कहकर जाम खुलवाया।