नारनौल में राज्य स्तरीय हाफ मैराथन: सीएम नायब सैनी बोले- नशा तस्करों की संपत्ति होगी ध्वस्त
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को नारनौल से राज्य स्तरीय हाफ मैराथन, 'हर घर तिरंगा' और 'वंदे मातरम्' महाअभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी देते हुए युवाओं से नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
विस्तार
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार सुबह नारनौल से राज्य स्तरीय हाफ मैराथन, 'हर घर तिरंगा' और वंदे मातरम् महाअभियान का शुभारंभ करते हुए धावकों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में सुबह से ही युवाओं और आमजन में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। जिलाभर से पहुंचे हजारों प्रतिभागियों ने दौड़ में हिस्सा लिया।
इस अवसर पर सांसद धर्मवीर सिंह, स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव, महेंद्रगढ़ विधायक कंवर सिंह, नारनौल विधायक ओमप्रकाश यादव, पूर्व मंत्री डॉ. अभय सिंह और भाजपा जिला अध्यक्ष यतेंद्र राव सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। बता दें कि मैराथन के लिए 67,856 प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया, जिनमें 64,931 धावक 5 किलोमीटर और 2,925 धावक 10 किलोमीटर दौड़ में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अभियान युवाओं को नशे से दूर रखने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने का संदेश देगा। पूरे मार्ग पर पेयजल, ग्लूकोज, प्राथमिक उपचार और अन्य आवश्यक सुविधाओं के व्यापक प्रबंध किए गए। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हाफ मैराथन के विजेताओं को किया सम्मानित संवाद न्यूज एजेंसी नारनौल।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को राज्य स्तरीय 'नशा मुक्त हरियाणा', 'हर घर तिरंगा' और 'वंदे मातरम्' अभियान के तहत आयोजित हाफ मैराथन के विजेताओं को सम्मानित किया। इससे पहले उन्होंने मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और स्वयं भी प्रतिभागियों के साथ कुछ दूरी तक दौड़े। नूनी मोड़ से महावीर चौक तक करीब एक किलोमीटर लंबी प्रतिभागियों की भीड़ आयोजन का आकर्षण रही। मुख्यमंत्री ने विजेताओं को सम्मानित करते हुए युवाओं से नशे से दूर रहने, फिटनेस अपनाने और राष्ट्रहित में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
युवाओं से बोले सीएम- नशा छोड़ राष्ट्र निर्माण में निभाएं भूमिका
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को नारनौल में नशा तस्करों के खिलाफ कड़ा संदेश देते हुए कहा कि प्रदेश को नशामुक्त बनाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे के कारोबार में शामिल हार्डकोर अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे लोगों पर भारी जुर्माना लगाने के साथ उनकी अवैध संपत्तियों पर बुलडोजर चलाने की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
#WATCH | Narnaul, Haryana: On Youth Marathon, State Health Minister Arti Singh Rao says, "... Say No to Drugs campaign, initiative to make Haryana drug-free. This is a great initiative to engage the youth. I am delighted that the event saw the highest participation in the… pic.twitter.com/vw0foRj1xp
मुख्यमंत्री 'नशा मुक्त हरियाणा' और 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत आयोजित राज्य स्तरीय हाफ मैराथन के दौरान पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यमुनानगर से शुरू हुआ यह अभियान अब जन आंदोलन का रूप ले चुका है। नारनौल में हजारों युवाओं की भागीदारी और उनके हाथों में तिरंगा इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश का युवा नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण का संकल्प ले रहा है।
सीएम सैनी ने समाज और परिवारों से भी अपील की कि यदि कोई युवा नशे की गिरफ्त में आ गया है तो उससे दूरी बनाने के बजाय उसे समझाकर पुनर्वास केंद्रों के माध्यम से मुख्यधारा में वापस लाने का प्रयास करें। सरकार ऐसे युवाओं के पुनर्वास में हरसंभव सहयोग करेगी।
उन्होंने कहा कि हरियाणा का युवा खेल, शिक्षा, उद्योग और स्टार्टअप जैसे क्षेत्रों में लगातार नई पहचान बना रहा है। राज्य सरकार बिना पर्ची और बिना खर्ची के पारदर्शी तरीके से युवाओं को रोजगार उपलब्ध करा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नशामुक्त युवा ही विकसित हरियाणा और विकसित भारत के संकल्प को साकार करेगा।
यूथ मैराथन पर राज्य की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि 'से नो टू ड्रग्स' अभियान, हरियाणा को नशा-मुक्त बनाने की एक पहल है। युवाओं को जोड़ने के लिए यह एक बेहतरीन पहल है। मुझे खुशी है कि इस मैराथन में सबसे ज़्यादा लोगों ने हिस्सा लिया और युवाओं में ज़बरदस्त जोश देखने को मिला।