नारनौल। अग्रवाल सभा नई अनाज मंडी में अग्रवाल वैश्य समाज की ओर से वरिष्ठ नागरिक रत्न सम्मान समारोह का आयोजन रविवार को किया गया। इसमें 100 वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि अग्रवाल वैश्य समाज के प्रदेशाध्यक्ष अशोक बुवानीवाला रहे।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिक हमारे समाज के सम्मानीय अंग हैं। उनका सम्मान हमारी सामाजिक सभ्यता का परिचायक है। आज देशभर में आजादी का अमृत महोत्सव बड़े धूमधाम से मनाया जा रहा है लेकिन अगर देखा जाए तो उसकी नींव रखने वाले हमारे वरिष्ठ नागरिक ही हैं, लेकिन यह दुर्भाग्य की बात है कि इस महोत्सव के असली हकदारों को हमने कभी कुछ नहीं दिया है। भारत में वरिष्ठ नागरिकों के लिए कोई योजना नहीं है। रेलवे यात्रा में 50 प्रतिशत की छूट भी बंद कर दी गई। इसके विपरीत बैंक की ब्याज दर घटाकर वरिष्ठ नागरिकों की आय कम की जा रही है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे आईपीएस सिद्धांत जैन ने कहा कि आज हम जिस मुकाम पर है उसमें बुजुर्गों का और इनकी प्रेरणाओं का विशेष महत्व है। कार्यक्रम में वशिष्ठ अतिथि के रूप में पहुंचे समाजसेवी ललित भगेरिया, अधिवक्ता अनिल अग्रवाल, नेमीचन्द जैन, पार्षद संदीप जैन, डॉ. दिनेश गर्ग, संजय गर्ग व पारस चौधरी ने भी अपने विचार रखे। इस अवसर पर बजरंग लाल अग्रवाल, जिला अध्यक्ष संदीप नूनीवाला, राजेश अग्रवाल, रवि गर्ग, जिला महिला अध्यक्ष गीता गोयल व जिला महासचिव जगमोहन गर्ग आदि उपस्थित रहे।