नगर परिषद द्वारा प्रॉपर्टी आईडी के लिए करवाए गए सर्वे को दोबारा से कराने की मांग को लेकर सोमवार के शहर के लोगों न मुख्यमंत्री एवं नगर निकाय मंत्री के नाम उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा।
उन्होंने ज्ञापने के माध्यम से मांग की कि नगर परिषद द्वारा आज से 2 वर्ष पूर्व याशी कंपनी के माध्यम से प्रॉपर्टी आईडी का जो सर्वे करवाया गया था, वह पूरी तरह गलत है। इस सर्वे के जो नोटिस नगर परिषद द्वारा भेजे जा रहे हैं, उनमें कोई भी ऐसा नोटिस नहीं है जो पूरी तरह से सही हो। किसी में नाम गलत है तो किसी में जमीन का रकबा। इससे आम जनता की परेशानी बहुत बढ़ गई है। नगर परिषद के चक्कर लगाने के लिए मजबूर है। नगर परिषद अधिकारियों द्वारा इनको ठीक करवाने के लिए इतने दस्तावेज बता दिए गए हैं कि जो किसी के लिए भी पूरे करना संभव नहीं है। इसलिए लोगों ने प्रॉपर्टी आईडी का दोबारा सर्वे करवाने की मांग के लिए उपायुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री एवं स्थानीय निकाय मंत्री को ज्ञापन सौंपा। इसके अतिरिक्त डी-प्लान के तहत नगर परिषद द्वारा बिना टेंडर किए ही अपने चहेतों को जो ठेके दिए जा रहे हैं, उनको भी ई-टेंडर के माध्यम से करवाने का अनुरोध किया। इस अवसर पर दयानंद सोनी, पूर्व पार्षद एवं पूर्व सदस्य ग्रीवेंस कमेटी नारनौल, सुरेंद्र चौधरी पूर्व जिला प्रबंधक हैफेड, सूरज अग्रवाल, एडवोकेट हरीश सैनी, सुनील शर्मा, भारत जौहरी, एडवोकेट मुकेश मित्तल, बिशनदयाल सोनी पूर्व पार्षद सहित अन्य लोग मौजूद रहे।